हल्द्वानी: स्वरोजगार से रोजगार को मिलाने की जरूरत- मुख्यमंत्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एचएन इंटर कॉलेज में श्रम व सेवायोजन विभाग की ओर से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 42 लोगों को रोजगार दिया गया। नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथों से दिए। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैंने कार्यकाल संभालने के बाद ही सभी जिलों …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एचएन इंटर कॉलेज में श्रम व सेवायोजन विभाग की ओर से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 42 लोगों को रोजगार दिया गया। नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथों से दिए।

कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैंने कार्यकाल संभालने के बाद ही सभी जिलों में रोजगार मेला लगाने का आदेश दिया था। इसके तहत ही यहां रोजगार मेला लगाया गया है। कहा कि राज्य में सरकारी विभागों में 24 हजार पद खाली हैं। हमारी सरकार ने सालों से रूकी हुई पुलिस विभाग में 1734 भर्तियों की नियुक्ति निकाली। कहा कि अगर हम निजी और संस्थानों को पूरी तरह से खंगाल लें तब भी एक लाख से ज्यादा पदों पर रोजगार नहीं दे पाएंगे।

इसलिए आज के समय में स्वरोजगार को रोजगार से मिलाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी कहते हैं कि लोकल फॉर वोकल। इसके तहत जरूरत का सामान का स्थानीय स्तर पर ही उत्पादन करना है। कहा कि बेरोजगार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और वीर चंद्र गढ़वाली जैसी योजनाओं का लाभ उठाएं। कहा कि सरकार की होम स्टे योजना में अभी तक 3700 पंजीकरण हो चुके हैं। हमने इस योजना में सब्सिडी बढ़ाने की भी घोषणा की है।

साथ ही संघ लोक सेवा आयोज भर्तियों में प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले युवा को आगे की तैयारी के लिए सरकार की ओर से 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। कहा कि मेरा सेवायोजना कार्यालय को निर्देश है कि यहां पर आज जो लोग भी रोजगार से वंचित रह जाएंगे उनको आने वाले समय में रोजगार उपलब्ध कराने का काम करें।

कहा कि सरकारी नौकरी में आवेदन शुल्क को माफ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने रोजगार पाने वाले युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि सरकार लगातार युवाओं को रोजगार देने का प्रयास कर रही है। युवा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, पूर्व दर्जा मंत्री प्रकाश हर्बोला आदि थे।

वृहद रोजगार मेले में 42 लोगों को ही मिली नौकरी
हल्द्वानी। एचएन इन्टर कालेज मे वृहद कौशल एव सेवायोजन मेले में प्रदेश की 35 कम्पनियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार मेले में विभिन्न जिलों से आये 1150 युवा व युवतियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। तीन कम्पनियों ने 162 युवाओं का वर्चुअल ऑनलाइन इंटरव्यू किया, जिसमें से सात लोगों को नियुक्ति दी गई। कुल 42 युवाओं नौकरी मिली। हालांकि रोजगार मेले में लगाए गए सूचना बोर्डों में 84 कंपनियों के नाम दर्ज थे। और इनमें करीब 8000 खाली पदों के होने की जानकारी दी गई थी। इधर लगाए गए स्टॉलों में कई कंपनियां निर्धारित समय पर नहीं पहुंची थीं। आए लोगों की शिकायत थी कि रोजगार मेले के नाम पर औपचारिकता की गई है।

संबंधित समाचार