नैनीताल: बेकाबू कार चालक ने 10 लोगों को रौंदा, मची चीख पुकार
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में तेज रफ्तार से आ रहे कार सवार ने दस लोगों को रौंद दिया, जिसमें सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान सड़क पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने सभी घायलों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप …
नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में तेज रफ्तार से आ रहे कार सवार ने दस लोगों को रौंद दिया, जिसमें सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान सड़क पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने सभी घायलों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
रविवार सुबह दिल्ली विनोद नगर निवासी 38 वर्षीय अमित बहुगुणा कार संख्या (यूपी 16 सीके 1456) से मल्लीताल की ओर से तेज रफ्तार से आ रहा था। मल्लीताल स्थित चीना बाबा क्षेत्र में चालक अमित ने 10 लोगों को रौंद दिया, साथ ही छह बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसमें मुरादाबाद निवासी पर्यटक सलमा (60), रुद्रपुर आदर्श कॉलोनी निवासी यश (21), सात नंबर निवासी कमला फर्त्याल (35), विजय (12), स्टाफ हाउस निवासी प्रियंका (34), सूखाताल निवासी अभिषेक(14), हाईकोर्ट कैंपस क्षेत्र निवासी लीला (36), नैनीताल क्लब निवासी माया देवी (35), राधा कॉन्टिनेंटल निवासी कमल बिष्ट(14), को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे को देख राहगीरों व स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। राहगीरों द्वारा आनन फानन में घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल लाया गया। इस बीच चालक मौके से भाग निकला लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे मल्लीताल रॉयल होटल क्षेत्र के समीप धर दबोचा, साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी । मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और चालक को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। जहां पर चालक से पूछताछ की गई और उसकी अस्पताल में मेडिकल जांच की गई। वहीं पुलिस द्वारा चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया हैं ।

इधर, अस्पताल में तैनात डॉक्टर हिमानी पलड़िया ने बताया कि हादसे में कमल बिष्ट, सलमा व लक्की गम्भीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया साथ ही कमला, प्रियंका, लीला व माया को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल में ही भर्ती कर दिया गया हैं। वहीं अन्य चोटिलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
वहीं कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि दिल्ली निवासी अमित बहुगुणा के खिलाफ हिट एंड रन के तहत आईपीसी की धारा 279, 337, 308, 338 व 427 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेशी की तैयारी की जा रही है। साथ उसके वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
कोतवाली का किया घेराव
क्षेत्र में हुई इस घटना से आक्रोशित व्यापारी और भाजपाइयों ने कोतवाली का घेराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस को कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा, लेकिन अस्पताल में गुस्साए लोगों ने दोबारा घेराव कर करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
लापरवाही : 20 मिनट तक तड़पते रहे घायल
अस्पताल के इमरजेंसी में डॉक्टर के न होने के चलते करीब 20 मिनट तक घायल तड़पते रहे और डॉक्टर का इंतजार करना पड़ा। वहीं जब डॉक्टर आई तो मरीजों को हायर सेंटर तक ले जाने के लिए पहले तो एंबुलेंस नहीं मिली फिर एंबुलेंस चालक आनाकानी करने लगा, जिसके बाद बमुश्किल एंबुलेंस मिली तो व्यापारियों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। इसके चलते मरीज अस्पताल में तड़पते रहे।
