हल्द्वानी: किशोरों के टीकाकरण पर संकट, 12 सेंटरों पर कोवैक्सीन खत्म
हल्द्वानी अमृत विचार। किशोरों के टीकाकरण के मामले में बड़ा संकट सामने आया है। हल्द्वानी में कोवैक्सीन की कमी हो गई है। जिस वजह से कई सेंटरों पर कोवैक्सीन से टीकाकरण बंद करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जल्द ही कोवैक्सीन की आपूर्ति हो जाएगी। रविवार को हल्द्वानी के कई टीकाकरण केंद्रों पर …
हल्द्वानी अमृत विचार। किशोरों के टीकाकरण के मामले में बड़ा संकट सामने आया है। हल्द्वानी में कोवैक्सीन की कमी हो गई है। जिस वजह से कई सेंटरों पर कोवैक्सीन से टीकाकरण बंद करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जल्द ही कोवैक्सीन की आपूर्ति हो जाएगी।
रविवार को हल्द्वानी के कई टीकाकरण केंद्रों पर कोवैक्सीन खत्म हो गई। जिस वजह से टीकाकरण के लिए आए किशोरों को वापस जाना पड़ा। इस वजह से रविवार को जिले में करीब 600 किशोरों को ही कोरोना का टीका लग पाया। 3 जनवरी से किशोरों को कोवैक्सीन का टीका लगाया जा रहा है। जिले में अभी तक 30116 किशोरों को कोवैक्सीन का पहला टीका लग गया है।
जबकि यहां पर करीब 1.25 लाख किशोरों को कोरोना का टीका लगना है। कोवैक्सीन की कमी होने से किशोरों के टीकाकरण को लेकर बड़ा झटका है। जिले में प्रतिदिन औसतन 5 हजार किशोरों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा था। अब सोमवार को हल्द्वानी में ही 16 में से आठ सेंटरों पर किशोरों को टीका नहीं मिलेगा।
केवल चार सेंटरों निश्चित मात्रा में ही कोवैक्सीन उपलब्ध रहेगी। इधर स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कोवैक्सीन की कमी को लेकर देहरादून में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। खराब मौसम की वजह से आपूर्ति होने में देरी हो रही है। अनुमान है कि सोमवार की शाम तक हल्द्वानी में कोवैक्सीन आ जाएगी। हालांकि कुछ अधिकारियों का अनुमान है कि कोवैक्सीन कब तक आएगी अभी इसमें कोई दावा नहीं किया जा सकता है।
इस वजह से हुई कमी
हल्द्वानी में कोवैक्सीन की कमी का बड़ा कारण यहां पर किशोरों में टीकाकरण को लेकर बड़ा उत्साह रहा। हल्द्वानी और मोटाहल्दू में बनाए गए सेंटरों में कोवैक्सीन की काफी खपत हुई है। जिले की बात करें तो पिछले सात दिनों में पूरे जिले में कोवैक्सीन की करीब 35 हजार डोज दी जा चुकी हैं।
