हल्द्वानी: ससुराल में मचाया उत्पात, विधायक प्रत्याशी गिरफ्तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। नशे में ससुराल पहुंच कर उत्पात करने वाले निर्दलीय विधायक प्रत्याशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। नशे में धुत प्रत्याशी ने पहले ससुरालियों के साथ मारपीट की और फिर बीवी बच्चों के कपड़े जला दिए। आरोपी गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस से भी भिड़ गया। मामला लालकुआं कोतवाली क्षेत्र का है। हल्द्वानी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नशे में ससुराल पहुंच कर उत्पात करने वाले निर्दलीय विधायक प्रत्याशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। नशे में धुत प्रत्याशी ने पहले ससुरालियों के साथ मारपीट की और फिर बीवी बच्चों के कपड़े जला दिए। आरोपी गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस से भी भिड़ गया। मामला लालकुआं कोतवाली क्षेत्र का है।
हल्द्वानी के कुल्यालपुर निवासी उमेश चंद्र जोशी ने हल्द्वानी विधानसभा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा था। प्रत्याशी के घर में पत्नी बबीता व दो बेटियां हैं और लालकुआं के बिंदुखत्ता में प्रत्याशी उमेश की ससुराल है। बताया जाता है कि कुछ समय पहले उमेश ने अपनी पत्नी व बच्चों को मारपीट कर घर से निकाल दिया था।
जिसके बाद बबीता बच्चों के साथ मायके बिंदुखत्ता चली गई। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर उमेश अपनी ससुराल जा धमका। जहां उसने ससुरालियों से गाली-गलौज की और जब विरोध हुआ तो भाग गया, लेकिन शुक्रवार की रात वह फिर ससुराल पहुंच गया। उसने ससुरालियों और पत्नी से मारपीट की और उसने पत्नी व बच्चों के कपड़े जला दिए।
इसी बीच सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह पुलिस से झगड़ गया। शनिवार को लालकुआं पुलिस ने उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पत्नी व एक अन्य से मारपीट के मामले में बीती 26 व 27 फरवरी को भी उमेश को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
