हल्द्वानी: जंगल में वायर में फंसा तेंदुआ, दो घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
हल्द्वानी, अमृत विचार। उदय लालपुर गांव से सटे जंगल में एक तेंदुआ वायर में फंस गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। तेंदुए को ट्रैंकुलाइज करने के बाद रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है, जहां पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसकी देखभाल की जा रही है। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उदय लालपुर गांव से सटे जंगल में एक तेंदुआ वायर में फंस गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। तेंदुए को ट्रैंकुलाइज करने के बाद रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है, जहां पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसकी देखभाल की जा रही है। माना जा रहा है कि यह वायर जंगली सुअर को पकड़ने के लिए लगाया गया था हालांकि वन विभाग इससे इंकार कर रहा है।

तराई केंद्रीय वन डिवीजन की भाखड़ा रेंज के अंतर्गत उदय लालपुर गांव में मेहता कॉलोनी के सामने गांव से सटे जंगल में एक तेंदुआ वायर में फंस गया। मंगलवार की सुबह तकरीबन नौ बजे ग्रामीण किसी काम से गए थे तो उन्होंने तेंदुए की दहाड़ सुनी। जब वह जंगल की ओर गए तो उन्होंने देखा कि एक तेंदुआ वायर में फंसा हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान भूपाल सिंह वोरा को दी। प्रधान ने तुरंत इसकी सूचना वन अधिकारियों को दी।
सूचना पर तकरीबन साढ़े नौ से दस बजे के बीच में भाखड़ा रेंज से वन टीम पशु चिकित्सकों के साथ मौके पर पहुंच गई। पशु चिकित्सक डॉ. हिमांशु पांगती और डॉ. आयुष उनियाल ने तेंदुए को ट्रैंकुलाइज किया। तेंदुए के बेहोश हो जाने के बाद उसको रेस्क्यू कर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया। जहां उसकी स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। पशु चिकित्सकों के अनुसार तेंदुआ वयस्क है। साथ ही घटना स्थल के आसपास गश्त बढ़ा दी है।

जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए लगाया जता है फंदा
वन्य विशेषज्ञों के अनुसार, गांव से सटे जंगलों में वन्यजीवों को पकड़ने के लिए फंदा लगाया जाता है। फंदे में क्लिच या एक्सीलेटर वायर का इस्तेमाल किया जाता है। आशंका है कि यहां भी ग्रामीण ने जंगली सुअर आदि को पकड़ने के लिए वायर लगाया होगा लेकिन इसमें तेंदुआ फंस गया। हालांकि भाखड़ा वन रेंज टीम इससे इंकार कर रही है।
तेंदुए को देखने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़
तेंदुए को देखने के लिए बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की भीड़ लग गई। लोगों ने स्मार्ट फोन से तेंदुए के फोटो खींचने शुरू कर दिए। वन टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए खासी परेशानी हुई। वन कर्मचारियों ने भीड़ को तेंदुए से दूर रहने के लिए कहा लेकिन लोग तेंदुए को देखने के लिए निर्देशों का पालन नहीं कर रहे थे।
