खटीमा: नानकसागर के समीप जेसीबी ने बाइक रौंदी, दो युवकों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। नानकसागर के समीप हाइवे में जेसीबी मशीन ने एक बाइक को रौंद दिया जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलने ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया है। दोनों रिश्ते के चचेरे भाई हैं। इनमें एक अपने परिवार का इकलौता चिराग …

खटीमा, अमृत विचार। नानकसागर के समीप हाइवे में जेसीबी मशीन ने एक बाइक को रौंद दिया जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलने ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया है। दोनों रिश्ते के चचेरे भाई हैं। इनमें एक अपने परिवार का इकलौता चिराग था। नानकमत्ता पुलिस ने खटीमा अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए। इस मामले में पुलिस की जांच जारी थी।

पुलिस के अनुसार खटीमा के झनकट क्षेत्र के ग्राम उलधन निवासी 23 वर्षीय दीपक सिंह राणा पुत्र रामकिशन व 19 वर्षीय सुमित सिंह राणा पुत्र विक्रम सिंह राणा घर से मंगलवार की रात सितारगंज की ओर जा रहे थे। इस बीच नानकसागर के पास बंगाली कालोनी के समीप एक होटल के समीप जेसीबी मशीन ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में दोनों बाइक सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर नानकसागर व नानकमत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई दरबान सिंह ने जेसीबी को कब्जे में लिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।

सूचना मिलते ही रात में ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। इधर, बुधवार को खटीमा सरकारी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में शोकाकुल परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। मृतक दीपक के भाई धीरज सिंह राणा ने बताया कि दीपक बाइक चला रहा था। वह अविवाहित था और दो भाईयों में सबसे छोटा था, उससे छोटी बहन शिवानी है।

उसने इंटर तक की पढ़ाई की और परिवार के साथ खेतीबाड़ी में हाथ बंटाता था। गांव के ही रिश्तेदार भूपेंद्र सिंह राणा ने बताया कि मृतक सुमित परिवार का इकलौता चिराग था। उसके परिवार में छोटी बहन साक्षी राणा है। वह सिडकुल में ठेकेदार के अंतर्गत कार्य करता था। दोनों ही अविवाहित थे। इधर, नानकसागर पुलिस के अनुसार जेसीबी को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है। मामले में दोपहर बाद तक पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई थी। इधर, इस दौरान अस्पताल में समाजसेवी रामू भंडारी समेत शोकाकुल अनेक रिश्तेदार, परिचितों का जमावड़ा लगा रहा।

संबंधित समाचार