अयोध्या: भाजपा से सपा ने छीनी दो सीटें, अम्बेडकर नगर में भी सभी सीटों पर किया कब्जा
अयोध्या/अंबेडकरनगर। 2017 के विधानसभा चुनाव में अयोध्या जिले की पांचों सीट पर काबिज रही भाजपा से समाजवादी पार्टी ने दो सीटें छीन ली हैं। अयोध्या सीट पर भी सपा ने पसीने छुड़ा दिए। भाजपा के लिए आराम से जीतने वाली सीट रुदौली साबित हुई, जहां उसके प्रत्याशी रामचंद्र यादव ने जिले में सबसे अधिक अंतर …
अयोध्या/अंबेडकरनगर। 2017 के विधानसभा चुनाव में अयोध्या जिले की पांचों सीट पर काबिज रही भाजपा से समाजवादी पार्टी ने दो सीटें छीन ली हैं। अयोध्या सीट पर भी सपा ने पसीने छुड़ा दिए। भाजपा के लिए आराम से जीतने वाली सीट रुदौली साबित हुई, जहां उसके प्रत्याशी रामचंद्र यादव ने जिले में सबसे अधिक अंतर लगभग 35 हजार वोटों से सपा प्रत्याशी को पटखनी देकर हैट्रिक बनाई है।
सपा ने जो दो सीटें छीनी हैं उसमें मिल्कीपुर सीट से सपा के पूर्व मंत्री व कद्दावर नेता अवधेश प्रसाद ने भाजपा प्रत्याशी बाबा गोरखनाथ को तकरीबन 12 हजार वोटों से हरा दिया। वहीं दूसरी सीट गोसाईगंज भाजपा ने गंवाई है, जहां से सपा के अभय सिंह ने भाजपा के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू की पत्नी आरती तिवारी को लगभग 12 हजार मतों से हरा दिया। कुल मिलाकर जिले की पांच सीटों में दो सपा और तीन भाजपा के खाते में गई।
जिले की अपनी पांच सीटों में से भाजपा जो तीन सीट बचा पाई उसमें अयोध्या सबसे प्रमुख सीट है। हालांकि इस सीट पर भाजपा को पिछले चुनाव से लगभग 6 हजार वोट अधिक मिला, जबकि पिछले चुनाव में 56 हजार वोट पाने वाले सपा प्रत्याशी तेज नारायण पांडे पवन को लगभग 92 हजार वोट इस चुनाव में हासिल हुए।
यहां बसपा का उम्मीद से बहुत कम वोट पाना भाजपा के लिए वरदान साबित हो गया। अप्रत्याशित रूप से सबसे बड़ी जीत रुदौली सीट पर भाजपा की पुन: हुई है। यहां भाजपा के रामचंद्र यादव ने सपा प्रत्याशी आनंद सेन यादव को लगभग 35 हजार वोटों से पराजित किया। इस सीट पर बसपा प्रत्याशी अब्बास अली जैदी रुश्दी मियां को मुख्य मुकाबले में माना जा रहा था, लेकिन वह अप्रत्याशित ढंग से तीसरे नंबर पर चले गए। इसी तरह बीकापुर सीट पर अपनी जीत भाजपा ने दोहराई है। यहां की मौजूदा विधायक शोभा सिंह चौहान के पुत्र डॉ. अमित सिंह चौहान को भाजपा ने टिकट दिया था। अमित ने सपा प्रत्याशी हाजी फिरोज खां गब्बर को लगभग 7 हजार वोटों से हराकर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा।
वहीं पड़ोस के अंबेडकरनगर जिले में सपा ने सभी पांचों सीटें जीत ली हैं। पिछले चुनाव के मुकाबले वहां भाजपा को दो और बसपा को अपनी तीन सीटें गंवानी पड़ी हैं। अंबेडकर नगर जिले की पांच सीटों पर सपा के क्रमश: जलालपुर में राकेश पांडे, अकबरपुर में रामअचल राजभर, कटेहरी में लाल जी वर्मा, आलापुर में त्रिभुवन दत्त और टांडा में राम मूर्ति वर्मा चुनाव जीते हैं। भाजपा ने आलापुर और टांडा की सीट गंवाई है, जबकि जलालपुर, कटहरी और अकबरपुर सीट बसपा ने खो दी है।
पढ़ें- प्रयागराज की मेजा सीट पर सपा के संदीप पटेल को मिली जीत, बीजेपी प्रत्याशी को नजदीकी अंतरों से दी मात
