रुद्रपुर: ‘कुटिया’ पर आओ, विदेश में लगा दूंगा नौकरी…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। किच्छा की एक नर्सिंग छात्रा ने कॉलेज प्रबंधक पर तमाम आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि बुजुर्ग कॉलेज प्रबंधक ने उसे अपनी ‘कुटिया’ पर बुलाया। साथ ही संबंध बनाने पर तमाम सुविधाओं के साथ ही विदेश में नौकरी तक लगवाने का झांसा दिया। छात्रा ने अमृत विचार से फोन पर …

रुद्रपुर, अमृत विचार। किच्छा की एक नर्सिंग छात्रा ने कॉलेज प्रबंधक पर तमाम आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि बुजुर्ग कॉलेज प्रबंधक ने उसे अपनी ‘कुटिया’ पर बुलाया। साथ ही संबंध बनाने पर तमाम सुविधाओं के साथ ही विदेश में नौकरी तक लगवाने का झांसा दिया।

छात्रा ने अमृत विचार से फोन पर आपबीती सुनाई। छात्रा का कहना है कि जब द्वितीय वर्ष की पढ़ाई के दौरान वह बीमार हुई तो कॉलेज प्रबंधन ने मात्र पेपर व प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए ही आने को कहा। तीसरे पेपर में उसकी तबियत खराब हो गई। बाकी पेपर वह सही से नहीं कर सकी। बैक पेपर आया लेकिन कॉलेज ने बैक पेपर भी नहीं देने दिया और कॉलेज प्रबंधन ने उसे ड्रॉप आउट दिखा दिया। इससे वह डिप्रेशन में आ गई।

अब जब उसने जब दूसरे कॉलेज में प्रवेश के लिए कोशिश की तो कॉलेज प्रबंधन ने उसे मार्कशीट तक नहीं दी। बाद में प्रबंधक ने कहा कि वह तृतीय वर्ष की फीस जमा करा दे तो उसकी पढ़ाई को रेगुलर कराया जा सकता है। छात्रा का कहना है कि इसके बाद उसने 80 हजार रुपये जमा कराए। 30 हजार रुपये शेष रह गए। फीस की स्लिप लेकर जब वह प्रधानाचार्य के पास पहुंची तो उन्होंने डांट-डपटकर भगा दिया। इसके बाद वह प्रबंधक के पास गई।

आरोप है कि बुजुर्ग प्रबंधक ने शारीरिक संबंध बनाने के लिए उसे अपनी ‘कुटिया’ पर आने को कहा। छात्रा का कहना है कि इसके एवज में प्रबंधक ने कहा कि वह उसको नर्सिंग का डिप्लोमा दिला देंगे। इसके लिए उसे परीक्षा देने भी नहीं आना पडे़गा। परीक्षा में उसकी जगह किसी और को बैठाकर पेपर करा दिया जाएगा। छात्रा का कहना है कि इसके अलावा प्रबंधक ने कहा कि अच्छे नंबर से पास कराकर वह विदेश में उसकी नौकरी भी लगवा देगा। छात्रा के इनकार करने पर प्रबंधक ने प्रवेश देने से इनकार कर दिया।

दूसरे कॉलेज में प्रवेश लेने से किया मना
रुद्रपुर। छात्रा का आरोप है कि उसने दूसरे कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन किया तो उससे पुरानी मार्कशीट मांगी गई। जब वह कॉलेज गई तो प्रबंधक ने उसे झांसे में लेते हुए दूसरे कॉलेज में प्रवेश न लेने को कहा। इतना ही नहीं उसकी फीस भी जमा करा ली लेकिन प्रधानाचार्य ने प्रवेश से मना कर दिया। इसके बाद जब वह प्रबंधक के पास गई तो उसने शारीरिक संबंध बनाने को कहा।

आज है प्रैक्टिकल, परिवार भी परेशान
रुद्रपुर। किच्छा की रहने वाली अनुसूचित जाति की छात्रा के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। इसके चलते परिवार परेशान है। सपना तो देखा था कि बिटिया आत्मनिर्भर बन जाएगी तो परिवार को भी सहारा मिलेगा लेकिन हुआ कुछ और…। मंगलवार को तृतीय वर्ष की प्रयोगात्मक परीक्षा है। परिवार परेशान है, जिलाधिकारी की ओर से भी देर शाम तक कोई राहत नहीं मिली।

संबंधित समाचार