हल्द्वानी: एक अप्रैल से बढ़ेगा वाहनों का रजिस्ट्रेशन रिन्यू शुल्क
हल्द्वानी, अमृत विचार। जहां एक ओर महंगाई बढ़ती जा रही है, भी सरकारी विभागों में भी चार्जेस आसमान छू रहे हैं। पहले केवल बिजली के दाम बढ़ने की सूचना मिली थी लेकिन अब परिवहन विभाग में भी महंगाई बढ़ गई है। उत्तराखंड में 15 साल पुराने वाहनों का रजिस्ट्रेशन रिन्यू कराने के लिए अब तीन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जहां एक ओर महंगाई बढ़ती जा रही है, भी सरकारी विभागों में भी चार्जेस आसमान छू रहे हैं। पहले केवल बिजली के दाम बढ़ने की सूचना मिली थी लेकिन अब परिवहन विभाग में भी महंगाई बढ़ गई है। उत्तराखंड में 15 साल पुराने वाहनों का रजिस्ट्रेशन रिन्यू कराने के लिए अब तीन से आठ गुना ज्यादा शुल्क चुकाना पड़ेगा। एक अप्रैल से नई दरें लागू होंगी।
परिवहन विभाग ने केंद्र सरकार के नोटिफिकेशन के आधार पर नई दरों से जुड़ा आदेश जारी कर दिया है। मोटर साइकिल से लेकर हल्के और भारी चौपहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन रिन्यू शुल्क में बढ़ोतरी हुई है। विभागीय जानकारी के अनुसार प्राइवेट वाहनों के रिन्यूअल पर अभी तक 300 से 600 रुपये तक शुल्क लिया जाता था लेकिन अब वाहन के अलग-अलग प्रकार के अनुसार तीन से आठ गुना तक शुल्क बढ़ाया गया है। इतना ही नहीं रजिस्ट्रेशन रिन्यू कराने में अगर वाहन स्वामी की ओर से लापरवाही की गई तो उस पर विलम्ब शुल्क का अतिरिक्त भार पड़ेगा। इसमें निजी वाहनों के लिए प्रतिमाह 300 रुपये और व्यावसायिक वाहन के लिए 500 रुपये प्रतिमाह विलम्ब शुल्क तय किया गया है।
इधर, वाहनों का फिटनेस शुल्क भी बढ़ाया गया है। टैक्सी वाहन फिटनेस के लिए 1000 रुपये देते थे, उन्हें अब 7000 रुपये देने होंगे। ट्रक और बसों को 1500 रुपये के बजाय अब 12,500 रुपये चुकाने होंगे। एआरटीओ विमल पांडे ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर वाहनों के लिए स्क्रैप नीति लागू की गई है। कई राज्यों की ओर से इस नियम को लागू भी कर दिया गया है। इसमें वाहन स्क्रैप कराने पर नई गाड़ी की खरीद पर छूट का प्रावधान भी है। बता दें कि सरकार 15 साल पुराने वाहनों के पंजीकरण रिन्यूअल का शुल्क बढ़ाकर लोगों को नए वाहन खरीदने के लिए प्रेरित करना चाहती है।
एक अप्रैल से नई दरें लागू हो जाएंगी और इन्हीं के अनुसार शुल्क लिया जाएगा। मुख्यालय से वाहनों के रजिस्ट्रेशन रिन्यूअल और फिटनेस के शुल्क बढ़ाए जाने को निर्देश जारी हो गए हैं। – विमल पांडे, एआरटीओ प्रशासन, हल्द्वानी
