हल्द्वानी: कमरे में लहूलुहान मिले होमगार्ड की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। तीन दिन पहले कमरे में लहूलुहान मिले होमगार्ड की इलाज के दौरान एसटीएच में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मूलरूप से नैनी सीमानी पिथौरागढ़ निवासी होशियार नाथ (26) पुत्र प्रताप नाथ होमगार्ड है और पिथौरागढ़ के लुनथुड़ा में ड्यूटी कर रहा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। तीन दिन पहले कमरे में लहूलुहान मिले होमगार्ड की इलाज के दौरान एसटीएच में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूलरूप से नैनी सीमानी पिथौरागढ़ निवासी होशियार नाथ (26) पुत्र प्रताप नाथ होमगार्ड है और पिथौरागढ़ के लुनथुड़ा में ड्यूटी कर रहा था। बताया जाता है कि होशियार लुनथुड़ा में ही कमरा लेकर रह रहा था। बीती 8 मार्च को होशियार किसी की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था और लौटा तो कमरे में जाकर सो गया। इसके बाद वह कमरे से नहीं निकला। दो दिन बाद जब लोगों ने कमरे में जाकर देखा तो होशियार लहूलुहान हालत में पड़ा था और बोलने की हालत में नहीं था।
आनन-फानन में लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत नाजुक होने पर उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान रविवार को होशियार ने दम तोड़ दिया। चिकित्सक मौत की सही वजह नहीं बता सके। वहीं मेडिकल चौकी पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
