हल्द्वानी: सगे भाइयों से जहरखुरानों ने लूटे 50 हजार
हल्द्वानी, अमृत विचार। नेपाल से रोजगार के लिए हल्द्वानी आए सगे भाइयों को जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। दोनों से हजारों रुपये लूटने के बाद जहरखुरान उन्हें बेहोशी की हालत में बाजार में छोड़कर फरार हो गए। दोनों भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नेपाल से रोजगार के लिए हल्द्वानी आए सगे भाइयों को जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। दोनों से हजारों रुपये लूटने के बाद जहरखुरान उन्हें बेहोशी की हालत में बाजार में छोड़कर फरार हो गए। दोनों भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नेपाल निवासी अमर व इंदर पुत्रगण भूपेंद्र मंगलवार दोपहर रेलवे बाजार में अर्द्ध बेहोशी की हालत में पड़े मिले। लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को देते हुए दोनों को बेस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अर्द्ध बेहोशी की हालत में अमर ने बताया कि वे नेपाल से यहां आने के बाद वे लोग रानीखेत से बस में बैठे थे।
बस में उन्हें एक महिला व एक पुरुष मिले, जिन्होंने उन्हें जूस पिलाया और फिर अपने साथ ले गए। जूस पीने के कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। युवकों की मानें तो उनके पास 50 हजार रुपये भी थे, जो उक्त महिला व पुरुष ने लूट लिए और उन्हें बाजार में छोड़ दिया। डॉक्टरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। एसएसआई तारा सिंह राणा ने बताया कि अस्पताल से मेमो मिला और मामले की जांच की जा रही है।
