काशीपुर: तेंदुए ने पांच साल के बच्चे पर किया हमले का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। काशीपुर के नई बस्ती लालढांग फिरोजपुर में तेंदुए की आवक से क्षेत्र के निवासी खौफ में जीने को विवश हैं। मंगलवार को तेंदुए ने एक पांच साल के बच्चे पर हमले का प्रयास किया। लेकिन घर के लोगों के बाहर आ जाने से तेंदुआ वहां से भाग गया। इस दौरान तेंदुए ने …

काशीपुर, अमृत विचार। काशीपुर के नई बस्ती लालढांग फिरोजपुर में तेंदुए की आवक से क्षेत्र के निवासी खौफ में जीने को विवश हैं। मंगलवार को तेंदुए ने एक पांच साल के बच्चे पर हमले का प्रयास किया। लेकिन घर के लोगों के बाहर आ जाने से तेंदुआ वहां से भाग गया। इस दौरान तेंदुए ने एक बिल्ली को निवाला बना लिया। रातभर परिवार तेंदुए के खौफ के चलते सो नहीं सका।

नई बस्ती लालढांग ग्राम सभा फिरोजपुर में करीब 30 परिवार रहते हैं। यह क्षेत्र वन विभाग के आम पोखरा रेंज से लगता है। बताया जाता है कि करीब एक साल पहले भी इस क्षेत्र में तेंदुए का आतंक था। तब वहां के लोगों ने वन विभाग से जंगली जानवरों से उनके मवेशियों और उनकी सुरक्षा की गुहार लगाई थी।

लेकिन वन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। लेकिन बीते दो माह से एक बार फिर इस क्षेत्र में तेंदुए का आतंक जारी है। तेंदुआ लोगों के घरों से पालतू कुत्तों को उठाकर उन्हें अपना निवाला बना रहा है। मंगलवार रात भी तेंदुए ने दो बार एक घर में घुसने का प्रयास किया। इस दौरान तेंदुए ने एक बिल्ली को अपना निवाला बना लिया। वहीं एक व्यक्ति के घर में घुसकर पांच साल के बच्चे पर भी हमले का प्रयास किया।

नई बस्ती लालढांग निवासी राजेंद्र जैडा ने बताया कि तेंदुआ रात को घरों से लोगों के पालतू कुत्तों पर हमला कर रहा है। कई बार लोगों ने तेंदुए को देखा है। इतना ही नहीं तेंदुआ एक दो लोगों पर हमला भी कर चुका है। राजेंद्र ने बताया कि उनकी बस्ती के पास गन्ने के खेत होने से तेंदुए को छिपने में मदद मिल रही है। तेंदुए ने मंगलवार की रात बस्ती के डूंगर राम के घर पर उनके पांच साल के भतीजे पर हमले का प्रयास किया।

लेकिन शोर होने पर तेंदुआ भाग गया। उन्होंने कहा कि तेंदुआ कभी भी उनके बस्ती के बच्चों पर हमला कर सकता है। बताया कि इस संबंध में वह पूर्व में आम पोखरा रेंज के वन अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन वन विभाग ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जिससे बस्ती के लोगों में वन विभाग के खिलाफ काफी रोष व्याप्त है।

संबंधित समाचार