गदरपुर: डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो मजदूरों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गदरपुर, अमृत विचार। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो लोगों की गंभीर रूप से घायल होने पर मौत हो गई जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ट्राली में 27 पुरुष और महिलाएं सवार थे जो टांडा जंगल से …

गदरपुर, अमृत विचार। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो लोगों की गंभीर रूप से घायल होने पर मौत हो गई जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ट्राली में 27 पुरुष और महिलाएं सवार थे जो टांडा जंगल से पेड़ों की छटाई का कार्य करके ग्राम नंदपुर नरका टोपा और मुंडिया कला लौट रहे थे।

बुधवार रात्रि करीब 10:30 बजे दिनेशपुर रोड पर ग्राम बराखेड़ा में नहर की पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे मजदूर लकड़ियों के साथ नहर में जा गिरे। मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से लकड़ियों के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला तब तक ग्राम नंदपुर नरका टोपा निवासी 18 वर्षीय जीशान और 21 वर्षीय अनीस अहमद की मौत हो गई। वहीं, 50 वर्षीय नसीम बानो, 35 वर्षीय अंजुम और 30 वर्षीय इमरान गंभीर रूप से घायल हो गए।

जबकि कुछ मजदूर मामूली रूप से चोटिल हुए। गंभीर रूप से घायल हुए मजदूरों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को भेजा गया जहां उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मजदूरों के परिजनों का स्वास्थ्य केंद्र में तांता लग गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उधर, दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया।

संबंधित समाचार