अयोध्या: दुष्कर्म मामले में सोशल मीडिया पर सफाई कर्मी ने विधायक पर की अभद्र टिप्पणी, हुआ निलंबित
अयोध्या। 16 मार्च को मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता पर अभद्र टिप्पणी व रामनवमी मेले में कार्य में लापरवाही करने पर एक सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित सफाई कर्मी के विरूद्घ केस भी दर्ज किया गया है। जिला …
अयोध्या। 16 मार्च को मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता पर अभद्र टिप्पणी व रामनवमी मेले में कार्य में लापरवाही करने पर एक सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित सफाई कर्मी के विरूद्घ केस भी दर्ज किया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी शीतला प्रसाद सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पूराबाजार ब्लाक में तैनात सफाई कर्मी शिवा भारती की ड्यूटी राम नवमी मेले में लगाई गई थी। सफाई कर्मी ने ड्यूटी में लापरवाही बरती और इसी दौरान अपनी फेसबुक आईडी पर जनप्रतिनिधि के विरूद्ध अभद्र टिप्पणी की। निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मी आवंटित स्थल पर गैरहाजिर भी पाया गया।
जारी आदेश में कहा गया है सफाई कर्मी द्वारा कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन करते हुए रेप कांड पर जनप्रतिनिधि के विरूद्ध अमर्यादित टिप्पणी गई। जिसे देखते हुए तत्काल प्रभाव से सफाईकर्मी शिवा भारती को निलंबित कर सहायक विकास अधिकारी पंचायत मिल्कीपुर कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है। आरोपी सफाईकर्मी के विरूद्घ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
वहीं कोतवाल अयोध्या देवेंद्र पांडेय ने बताया कि एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर को टैग कर फेसबुक पर लगा विधायक पर अभद्र टिप्पणी करने पर सफाई कर्मी के विरूद्घ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि फेसबुक प्रोफाइल चेक की गई तो वह लाक पाई गई है।
पढ़ें- कन्नौज: 4 अप्रैल से शुरू होगा IMI अभियान, बच्चों और गर्भवतियों का होगा टीकाकरण
