हल्द्वानी: डीआईजी ने कहा वेट एंड वॉच नहीं प्रो एक्टिव पुलिसिंग करें
हल्द्वानी, अमृत विचार। पर्यटन सीजन को देखते हुए डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने अधीनस्थों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने वेट एंड वॉच की पद्धति को छोड़ कर प्रो एक्टिव पुलिसिंग को अपनाने पर बल दिया। पुलिस बहुउद्देशीय भवन में आयोजित बैठक में डीआईजी ने कहा, यातायात के संबंध में अभियान चलाया …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पर्यटन सीजन को देखते हुए डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने अधीनस्थों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने वेट एंड वॉच की पद्धति को छोड़ कर प्रो एक्टिव पुलिसिंग को अपनाने पर बल दिया। पुलिस बहुउद्देशीय भवन में आयोजित बैठक में डीआईजी ने कहा, यातायात के संबंध में अभियान चलाया जाए।
हल्द्वानी और नैनीताल की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हाईवे पर सुगम यातायात के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने पार्किंग स्थलों तथा टैक्सी स्टैंड को चिह्नित कर बेहतर पार्किंग व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए और कहा, पार्किंग स्थलों के लिए पूर्व में जारी बारकोड प्रणाली को सुचारू तरीके से प्रभाव में लाया जाए।
अनावश्यक घूम रहे वाहनों को डिजिटल तरीके से चिह्नित कर कार्रवाई करें। साथ ही पुलिस की सकारात्मक छवि के लिए यातायात मित्र बनाने के लिए कहा। अनाउंसमेंट के जरिये यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने को कहा। पर्यटन तथा परीक्षा सीजन को देखते हुए अधिक प्रभावी तरीके से कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इसके अलावा सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के पास पार्किंग स्थल चिह्नित करने के लिए कहा। बैठक में एसएसपी पंकज भट्ट, एसपी क्राइम/यातायात डॉ जगदीश चंद्र, , एसपी सिटी हरबंस सिंह, सीओ ट्रैफिक विभा दीक्षित, कोतवाल हरेंद्र चौधरी, यातायात निरीक्षक आदेश कुमार, यातायात निरीक्षक राकेश माहरा, काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक, वाचक एसपी क्राइम विजय मेहता, सीपीयू के एसआई विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।
पहाड़ी स्लोगन, चित्र और गीतों का होगा उपयोग
हल्द्वानी। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डीआईजी निलेश आनंद भरणे ने यातायात बेरीकेड तथा पुलिस बूथ की स्पष्ट स्थिति ज्ञात करने को कहा और कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय लोगों को साथ जोड़ा जाए। इसके लिए पहाड़ी स्लोगन, चित्रण तथा गीतों का भी उपयोग किया जाए।
