हल्द्वानी में कॉलोनी काट कर सगे भाइयों ने बेच दिया सरकारी पोखर, रिपोर्ट दर्ज
हल्द्वानी, अमृत विचार। अपनी जमीन पर कॉलोनी काट कर बेचने वाले प्रॉपर्टी डीलर सगे भाइयों ने लोगों को सरकारी पोखर भी बेच दिया। इतना ही नहीं रजिस्ट्री कराते वक्त सरकारी स्टांप ड्यूटी की भी चोरी की। इन पर अब डीआईजी के आदेश पर जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस मामले में …
हल्द्वानी, अमृत विचार। अपनी जमीन पर कॉलोनी काट कर बेचने वाले प्रॉपर्टी डीलर सगे भाइयों ने लोगों को सरकारी पोखर भी बेच दिया। इतना ही नहीं रजिस्ट्री कराते वक्त सरकारी स्टांप ड्यूटी की भी चोरी की। इन पर अब डीआईजी के आदेश पर जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
इस मामले में गणपति विहार जौलासाल करायल निवासी कमला बिष्ट पत्नी हरेंद्र सिंह बिष्ट ने बीती 13 मार्च 2019 को डीआईजी को एक शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने सगे भाई जगत सिंह व नन्दन सिंह पुत्र स्व. प्रेम सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। डीआईजी ने इस मामले की जांच प्रभारी एसआईटी (भूमि) बीएस भाकुनी को दी। जांच के लिए भूखंड, मकान की पैमाइश रिपोर्ट तथा सही चिह्नीकरण के लिए उपजिलाधिकारी को पत्र लिखा। जिस पर राजस्व अधिकारी ने उपरोक्त भूखंड की पैमाइश रिपोर्ट नक्शे के साथ उपजिलाधिकारी को सौंपी।
इस रिपोर्ट में पोखर की भूमि पर कुछ लोगों के प्लाट, मकान व रास्ते दर्शाए गए और कहा गया कि जगत सिंह व नन्दन सिंह ने अपनी भूमि की प्लॉटिंग कर प्लाट बेचते समय सरकारी पोखर की भूमि को कब्जा कर उसमें प्लाटिंग काट दी और अपने खेतों की रजिस्ट्री कराकर कब्जा पोखर की भूमि पर करा दिया। रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि दोनों भाइयों ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलीभगत कर सरकारी पोखर की भूमि को अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए खुर्द-बुर्द कर नष्ट कर दी। इतना ही नहीं, भूमि का मालिकाना हक हस्तान्तरित करने में सरकारी स्टाम्प ड्यूटी की चोरी कर लाभ भी अर्जित किया गया और ये एसआईटी प्रभारी की जॉच रिपोर्ट में अंकित किया गया है।
रसूख के चलते नहीं होने दी कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि अभियुक्त व्यक्ति अपनी ऊंची पहुंच तथा रसूख का इस्तेमाल कर उक्त मामले में कार्रवाई नहीं होने दे रहे हैं तथा सरकारी पोखर की भूमि पर आज भी निर्माण कार्य हो रहा है। इसके अलावा जांच में अत्यधिक विलम्ब होने से प्रार्थिनी तथा उसके परिवार को खतरा पैदा हो गया है।
