किच्छा: कांग्रेस नेता पर हुए हमले का खुलासा, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। किसान सहकारी समिति बरा के अध्यक्ष एवं कांग्रेसी नेता गुलशन सिंधी पर बदमाशों द्वारा किए गए जानलेवा हमले की घटना का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करने का दावा करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा है। …

किच्छा, अमृत विचार। किसान सहकारी समिति बरा के अध्यक्ष एवं कांग्रेसी नेता गुलशन सिंधी पर बदमाशों द्वारा किए गए जानलेवा हमले की घटना का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करने का दावा करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा है। घटना के खुलासे को लेकर पीड़ित के परिजन असंतुष्ट नजर आ रहे हैं।

ज्ञात हो कि रविवार की शाम नगर के रोडवेज बस स्टैंड में कार खड़ी करने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने कांग्रेसी नेता गुलशन सिंधी पर घात लगाकर हमला बोल दिया था। दो कारों पर सवार होकर आए बदमाशों ने कांग्रेस नेता सिंधी पर लोहे की रॉड से हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसी बीच लोगों की भीड़ जमा होने के बाद हमलावर कार में सवार होकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस एवं परिजनों ने घायल कांग्रेसी नेता गुलशन को गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल भर्ती कराया। जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल में कांग्रेसी नेता का इलाज चल रहा है।

घटना के बाद किच्छा के कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ की अगुवाई में कांग्रेसियों एवं व्यापारियों ने कोतवाली में धरना प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। सोमवार को भी धरना प्रदर्शन के दौरान किच्छा विधायक बेहड़ से दूरभाष पर हुई वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जल्द कार्यवाही का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया था।

घायल गुलशन के भाई मनोज सिंधी ने घटना को चुनावी विवाद से जोड़ते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मनोज सिंधी ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उन पर किए गए हमले में हमलावरों ने जल्द ही उनके बड़े भाई गुलशन सिंधी के साथ मारपीट कर सबक सिखाने की चेतावनी दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी।

कोतवाली परिसर में घटना का खुलासा करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि गुलशन सिंधी पर हुए हमले के मामले में तीन टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि गुलशन सिंधी ने एक युवती को सोसाइटी में नौकरी दिलाने का वादा कर उसे फॉलो करना शुरू कर दिया था। इसी बात से गुस्साए पीड़ित के भाई ने अपने दोस्तों को मामले की जानकारी देकर गुलशन सिंधी को समझाने के लिए किच्छा भेजा था, लेकिन गुलशन सिंधी से वार्ता के दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई और आरोपियों ने गुलशन पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा मौके से फरार हो गए।

सीओ शर्मा ने बताया कि घटना के बाद से पुलिस द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। उन्होंने बताया कि घटना के अनावरण हेतु घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई तथा कोतवाल अशोक कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में एसएसआई शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में कांस्टेबल ब्रजमोहन सिंह, गंगा सिंह, रामेश्वर सिंह व जगमोहन सिंह की टीम ने उत्तमनगर गुरुद्वारा के पीछे पुलभट्टा थाना अंतर्गत क्षेत्र से चेकिंग के दौरान ग्राम छोई, थाना रामनगर, जिला नैनीताल निवासी हरमन सिंह कलेर, लोक विहार कॉलोनी, थाना रुद्रपुर, जिला ऊधमसिंह नगर निवासी अमृतपाल सिंह, डिबडिबा फार्म, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (यूपी) निवासी अजय पाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी फरार चल रहा है जिसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। सीओ शर्मा ने कहा कि किसी कीमत पर भी आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

संबंधित समाचार