रुद्रपुर: व्हाट्सअप ग्रुप से सेक्स रैकेट चला रहे पति-पत्नी समेत चार लोग दबोचे
रुद्रपुर,अमृत विचार। देह व्यापार में लिप्त पति-पत्नी सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के फोन में पुलिस को कई युवतियों की फोटो भी मिली है। जो वह ग्राहकों को भेजा करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी दंपती आवास विकास क्षेत्र में किराये के मकान में यह धंधा चला रहे थे। पुलिस …
रुद्रपुर,अमृत विचार। देह व्यापार में लिप्त पति-पत्नी सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के फोन में पुलिस को कई युवतियों की फोटो भी मिली है। जो वह ग्राहकों को भेजा करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी दंपती आवास विकास क्षेत्र में किराये के मकान में यह धंधा चला रहे थे। पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

शनिवार रात एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की प्रभारी बसंती आर्य अपने साथियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान डीडी चौक पर उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि दो युवक और दो युवतियां जनता इंटर कॉलेज के पास खड़े है। जो कि अनैतिक देह व्यापार के कार्य में संलिप्त है। जिस पर टीम मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंची। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने उनकी घेराबंदी कर दो महिलाओं समेत चार लोगों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से मोबाइल फोन बरामद हुए। जिसमें कई युवतियों के फोटो थे। साथ ही पकड़ी गई युवतियों के फोटो भी मौजूद थे।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विप्लव निवासी एफ-80 जवाहर पार्क खानपुर दक्षिण दिल्ली हाल निवासी आवास विकास और सुकुमार सरकार निवासी वार्ड नं. 2 मोतीपुर बुक्सौरा थाना दिनेशपुर हाल निवासी आवास विकास बताया। पूछताछ में विप्लव ने बताया कि वह और पकड़ी गई एक युवती पति-पत्नी हैं। वह चारों मिलकर आवास विकास में किराये के मकान में देह व्यापार का धंधा चलाते है। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
व्हाट्सअप ग्रुप से चला रहे थे अनैतिक देह व्यापार का धंधा
पकड़े गये आरोपी विप्लव व सुकुमार ने पूछताछ में बताया कि वह लोग व्हाट्सअप ग्रुपों में युवतियों के फोटो भेजते थे। जिस पर डिमांड आने पर पैसे लेकर युवतियों को ग्राहकों के पास भेजा जाता था। इनके अलावा अन्य युवतियां जिनको पैसों की जरूरत होती है, उनसे संपर्क कर वह लोग ग्राहकों के पास डिमांड के अनुसार भेज देते थे। जिसका आधा हिस्सा वह दोनों रखते थे। बाकी युवतियों को दे देते थे। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी होने की वजह से कोई उन पर शक नहीं करता था। शनिवार को भी वह चारों जनता इंटर के पास खड़े होकर ग्राहकों के डिमांड का इंतजार कर रहे थे।
