हल्द्वानी: कुछ कब्जेदारों ने हटाया अतिक्रमण, कुछ ने मांगी मोहलत
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम का शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी है। अभियान के दौरान कई बड़े कब्जेदारों को नगर निगम प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए थे। नोटिस मिलने के बाद कुछ कब्जेदारों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। जिन्होंने नहीं किया उन पर नगर निगम कार्रवाई करने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम का शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी है। अभियान के दौरान कई बड़े कब्जेदारों को नगर निगम प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए थे। नोटिस मिलने के बाद कुछ कब्जेदारों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। जिन्होंने नहीं किया उन पर नगर निगम कार्रवाई करने की तैयारी में है।
नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण हटाने के दौरान कई बड़े कब्जेदारों को नोटिस जारी किए थे। इन लोगों ने अवैध तरीके से सरकारी जमीन पर कब्जा करके पक्के निर्माण कर लिए थे। इनमें व्यापारी वर्ग के अलावा आम लोग भी शामिल थे। नगर निगम से नोटिस मिलने के बाद कुछ अतिक्रमणकारियों ने खुद ही इस पर कार्रवाई शुरू कर दी।
साथ ही नोटिस के जबाव भी प्रस्तुत कर दिए। सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन ने बताया कि जिन लोगों ने जबाव में नगर निगम से संवाद किया है और उनकी ओर से पेश की गई दलील सही है तो उन पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। बताया कि कुछ लोगों ने मोहलत मांगी है। जिन्हें मोहलत भी दी गई है। इधर, सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान फिर से चलाया जाएगा। साथ ही जहां नोटिस जारी किए गए थे, वहां मौके पर जाकर स्थिति का जायजा दोबारा लिया जा रहा है।
निजी शोरूम ने हटाया जेनरेटर तो किसी ने बनाया दूसरी जगह घर
हल्द्वानी। नगर निगम की ओर से नोटिस मिलने के बाद बरेली रोड में तीनपानी के पास एक निजी शोरूम के स्वामी ने सड़क पर रखे जेनरेटर को हटा दिया है। इसके लिए उसने शोरूम के बेसमेंट में व्यवस्था की है। इसी तरह से एक भवन स्वामी का पूरा घर अतिक्रमण के दायरे में आ गया है। भवन स्वामी की ओर से नगर निगम प्रशासन को सूचित किया गया है कि वह अपना घर किसी अन्य स्थान पर बना रहे हैं। इस घर को जल्द खाली कर दिया जाएगा। नगर निगम की ओर से उस भवन स्वामी को मोहलत दी गई है।
जबाव नहीं देने वालों पर होगी कार्रवाई
हल्द्वानी। अतिक्रमण करने के बाद नगर निगम की ओर से मिले नोटिस का जबाव नहीं देने वालों पर नगर निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन लोगों ने नोटिस के जबाव दिए हैं। लेकिन, जबाव में उनकी ओर से संतुष्ट करने लायक तथ्य पेश नहीं किया गया उन लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस दिए जाने के बाद लोगों की ओर से जबाव आने लगे हैं। कुछ लोग खुद आगे बढ़कर अतिक्रमण हटा रहे हैं। जो सहयोग नहीं कर रहे हैं उन पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
-गौरव भसीन, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम
