रुद्रपुर: त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में हुई आरिफ की हत्या
रुद्रपुर, अमृत विचार। खटीमा में आरिफ की हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के मामले में हुई थी। पुलिस ने मंगलवार को इस हत्याकांड का खुलासा करते हुये चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से पंजाब के दो शातिर अपराधी हैं। सोमवार को खटीमा में पुलिस को सरपुड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे युवक का …
रुद्रपुर, अमृत विचार। खटीमा में आरिफ की हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के मामले में हुई थी। पुलिस ने मंगलवार को इस हत्याकांड का खुलासा करते हुये चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से पंजाब के दो शातिर अपराधी हैं।
सोमवार को खटीमा में पुलिस को सरपुड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे युवक का शव मिला था। उसकी शिनाख्त खटीमा के जमौर निवासी आरिफ पुत्र अब्दुल करीम के रूप में हुई थी। आरिफ की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुये बताया कि इस मामले में आरिफ के भाई ने मोहल्ले के ही आजाद नाम के व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आजाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरे हत्याकांड से पर्दा उठा दिया। एसएसपी के अनुसार, आरिफ व आजाद दोनों दोस्त थे और एक ही युवती से प्रेम करते थे।
इसका पता चलने पर आजाद आरिफ से अंदर ही अंदर रंजिश रखने लगा। कुछ दिनों पहले इसी मामले में आरिफ की आजाद से कहासुनी भी हुई थी। आजाद ने सुखविंदर व पंजाब निवासी दो शातिर अपराधियों आशीष व विजय के साथ मिलकर चापड़ से आरिफ की हत्या कर दी। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में शामिल चापड़ व बाइक भी बरामद कर ली है। आरिफ के खून से सने वह कपड़े भी पुलिस ने बरामद कर लिये हैं। जिन्हें पहनकर इन लोगों ने आरिफ की हत्या की थी। एसएसपी का कहना है कि आशीष व विजय पंजाब के शातिर अपराधी है। इन दोनों पर पटियाला में कई मुकदमे दर्ज हैं।
योजनाबद्ध तरीके से दिया हत्याकांड को अंजाम
रुद्रपुर। आजाद ने आरिफ को रास्ते से हटाने के लिये योजनाबद्ध तरीके से काम किया। पहले उसने अपने साथी सुखविंदर उर्फ सुक्खा से आरिफ की मुलाकात कराई। कई दिनों तक दोस्ती के बाद सुक्खा ने आरिफ को शराब पीने के लिये बुलाया। वहां पर आजाद, विजय व आशीष पहले से मौजूद थे। चारों ने चापड़ के जरिये आरिफ की हत्या कर दी।
पंजाब में पुलिस से बचने को ली थी खटीमा में शरण
रुद्रपुर। पटियाला में विजय व आशीष के खिलाफ हाल ही में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। गिरफ्तारी से बचने को इन दोनों ने अपने दोस्त हल्दीफार्म निवासी सुखविन्दर सिंह उर्फ सुख्खा के घर शरण ले रखी थी। आजाद ने पहले ही सुक्खा को आरिफ से संबंधित प्लानिंग के बारे में बता रखा था। इन दोनों की मौजूदगी पर हत्याकांड का प्लान तैयार किया गया।
काम आया पुलिस का सत्यापन कार्य
रुद्रपुर। पुलिस ने हल्दी फार्म में दो दिन पहले सत्यापन कार्य किया था। इसके चलते पुलिस की जानकारी में था कि दो लोग बाहर के आये हुये हैं। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से विजय व आशीष फरार होने की फिराक में थे। इससे पहले ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुये उन्हें दबोच लिया।
