काशीपुर: परीक्षा के दौरान छात्र से बरामद हुआ आपत्तिजनक पत्र, मचा हड़कंप
काशीपुर, अमृत विचार। परीक्षा के दौरान एक छात्र के पास संदिग्ध आपत्तिजनक पत्र मिलने से महाविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। संज्ञान में होने के बाद भी महाविद्यालय प्रशासन घंटों तक मामले पर परदा डालने का प्रयास करता रहा। एक पूर्व छात्र नेता द्वारा मोबाइल में कागज दिखाने पर महाविद्यालय प्रशासन ने बात कबूलकर पुलिस …
काशीपुर, अमृत विचार। परीक्षा के दौरान एक छात्र के पास संदिग्ध आपत्तिजनक पत्र मिलने से महाविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। संज्ञान में होने के बाद भी महाविद्यालय प्रशासन घंटों तक मामले पर परदा डालने का प्रयास करता रहा। एक पूर्व छात्र नेता द्वारा मोबाइल में कागज दिखाने पर महाविद्यालय प्रशासन ने बात कबूलकर पुलिस को तहरीर सौंपी।
राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कई दिनों से विभिन्न विषयों की परीक्षाएं चल रही हैं। शुक्रवार की सुबह 8-10 बजे की पाली में विभिन्न विषयों समेत कक्ष संख्या 32 में बीकॉम प्रथम ऑडिटिंग विषय की परीक्षा चल रही थी। करीब नौ बजे महाविद्यालय का आंतरिक उड़नदस्ता परीक्षा समिति सदस्यों के साथ चेकिंग करने पहुंच गया। इस दौरान एक छात्र के पास ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ। इसी कक्ष में एक अन्य छात्र की तलाशी ली गई। जिसके पर्स में विभिन्न भाषाओं में लिखे कई कागज मिले।
एक उड़नदस्ता सदस्य ने संदिग्ध कागज को खोलकर उसी छात्र से कक्ष के बाहर बुलाकर पढवाया। जिसमें काफी संवेदनशील बातें लिखी थीं। छात्र से कागज लेकर परीक्षा देने भेज दिया गया। समय पूरा होने पर छात्र परीक्षा देकर घर चला गया। भनक लगने पर मीडिया भी महाविद्यालय पहुंच गई। इस मामले में महाविद्यालय प्रशासन व परीक्षा प्रभारी से जानकारी लेने का काफी प्रयास किया, लेकिन मामले को घंटो तक दबाने का प्रयास किया गया।
आईटीआई थाना पुलिस और खुफिया पुलिस भी चक्कर लगाती रही। यह सिलसिला करीब दो बजे चलता रहा। इस दौरान कुछ हिंदूवादी संगठन पदाधिकारी व अन्य लोग पहुंच गए। एक पूर्व छात्र नेता द्वारा मोबाइल में संदिग्ध आपत्तिजनक कागज दिखाने पर बात कबूली गई। इस दौरान महाविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को तहरीर देने के साथ कुछ प्राध्यापकों पर कार्रवाई करने की भी बात कही है।
कक्ष संख्या 32 में आंतरिक उड़नदस्ते ने परीक्षा के दौरान चेकिंग करते समय एक छात्र की जेब से आपत्तिजनक शब्द लिखा कागज मिला है। मामला मेरे संज्ञान में काफी देर बाद आया है। पुलिस को तहरीर देकर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। – डॉ. चंद्र राम, प्राचार्य, राधेहरि पीजी कॉलेज काशीपुर
