नैनीताल: माल रोड पर शाम छह से नौ बजे तक बंद नहीं होगा यातायात, इस वजह से प्रशासन को लेना पड़ा यह फैसला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। शहर की अपर मालरोड पर रोजाना शाम 6 बजे से 9 बजे तक बंद रहने वाला यातायात अब खुला रहेगा। राजभवन मार्ग पर पड़ी दरारों और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए डीएम ने आदेश जारी कर मालरोड पर यातायात सुचारु रखने को कहा है। राजभवन मार्ग पर शाम के समय अतिरिक्त …

नैनीताल, अमृत विचार। शहर की अपर मालरोड पर रोजाना शाम 6 बजे से 9 बजे तक बंद रहने वाला यातायात अब खुला रहेगा। राजभवन मार्ग पर पड़ी दरारों और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए डीएम ने आदेश जारी कर मालरोड पर यातायात सुचारु रखने को कहा है। राजभवन मार्ग पर शाम के समय अतिरिक्त दबाव से बचने के लिए अग्रिम आदेश तक वाहनों के संचालन में प्रतिबंध समाप्त कर दिया है। वहीं राजभवन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकी जा रही है।

मालूम हो कि शहर के अपर मालरोड पर पर्यटकों की पैदल आवाजाही को देखते हुए शाम छह बजे से आठ बजे वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होती है। वहीं, पर्यटन सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने पर जिलाधिकारी धीरज सिंह गर्ब्याल ने समय अवधि एक घंटे बढ़ाकर रात नौ बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी थी।

रविवार देर रात और सोमवार सुबह हुई मानसून की पहली बारिश में ही भूस्खलन की घटनाएं सामने आने लगी है। राजभवन मार्ग पर भी कई स्थानों पर दरारें उभर आई हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने मालरोड पर वाहनों की आवाजाही में लगा प्रतिबंध हटा दिया है। वहीं, राजभवन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। अग्रिम आदेशों तक यही व्यवस्था लागू रहेगी।

संबंधित समाचार