हल्द्वानी: ईद उल अजहा पर बिजली ने छुड़ाए पसीने, लोगों ने टैंकरों से ढोया पानी
हल्द्वानी, अमृत विचार। ईद उल अजहा के अवसर पर भी बनभूलपुरा की एक बड़ी आबादी को बिजली और पानी के संकट से दो चार होना पड़ा। नमाज के बाद अपनों को मुबारकबाद देने से पहले उन्हें पानी ढोने को मजबूर होना पड़ा। बच्चों से लेकर महिलाओं तक को घरों से बाल्टियां लेकर टैंकर के पास …
हल्द्वानी, अमृत विचार। ईद उल अजहा के अवसर पर भी बनभूलपुरा की एक बड़ी आबादी को बिजली और पानी के संकट से दो चार होना पड़ा। नमाज के बाद अपनों को मुबारकबाद देने से पहले उन्हें पानी ढोने को मजबूर होना पड़ा। बच्चों से लेकर महिलाओं तक को घरों से बाल्टियां लेकर टैंकर के पास पहुंचना पड़ा। पानी की समस्या से पूरी तरह निजात भी नहीं पाई थी कि शाम को फिर बिजली संकट ने उनके पसीने छुड़ा दिए। ट्रांसफार्मर खराब होने से घंटों लोगों को गर्मी झेलनी पड़ी।
बनभूलपुरा क्षेत्र में मुस्लिम परिवारों की एक बड़ी आबादी निवास करती है। ईद पर्व पर बिजली, पानी, सफाई को लेकर विशेष व्यवस्था को लेकर प्रशासन के निर्देश रहते हैं। लेकिन इस बड़े पर्व के मौके पर भी जिम्मेदार विभागों की लापरवाही से लोगों को दुश्वारियां सहने को मजबूर होना पड़ा।
वार्ड संख्या 21 के पार्षद मोहम्मद गुरफान ने बताया कि लाइन नंबर एक से 16 तक और सफदर के बगीचे में करीब 15 हजार से ज्यादा की आबादी रहती है। नलकूप से पानी की सप्लाई बेहतर नहीं की गई और लाइनों की हालत खस्ता होने की वजह से लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंचा। गौला की सप्लाई भी प्रभावित रही। समस्या के चलते पांच टैंकरों को भेजा गया, लेकिन वह भी अपर्याप्त साबित हुए। अभी इस समस्या से जूझ रही रहे थे कि लाइन नंबर आठ का सौ केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। शाम साढ़े चार बजे के बाद से लाइट नहीं है। एसडीओ मनीष जोशी ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है।
