काशीपुर: दूसरे की जमीन हड़पने व फर्जी रजिस्ट्री कराने का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। लगभग डेढ़ दर्जन लोगों ने दूसरे की भूमि को अपना बताकर कई अन्य लोगों को विक्रय कर फर्जी बैनामे करा दिये। आरोपियों ने भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर भूमि स्वामी को जान से मारने की धमकी दे दी। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 13 लोगों को नामजद …
काशीपुर, अमृत विचार। लगभग डेढ़ दर्जन लोगों ने दूसरे की भूमि को अपना बताकर कई अन्य लोगों को विक्रय कर फर्जी बैनामे करा दिये। आरोपियों ने भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर भूमि स्वामी को जान से मारने की धमकी दे दी। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 13 लोगों को नामजद कर चार अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला कानूनगोयान निवासी शंकर सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उसकी ग्राम बैलजुडी में 7 एकड़ कृषि भूमि है। उक्त भूमि का कुछ भाग उसने मोहल्ला काजीबाग निवासी जाहिद हुसैन को 16 मार्च 2012 को विक्रय की थी। बाकी जमीन पर वह काबिज रहा। कहा कि कुछ समय बाद जाहिद हुसैन ने अपनी भूमि में से 0.325 है. जमीन रामनगर के गौतम नगर निवासी नन्दलाल को बीती 12 अप्रैल 2012 को विक्रय कर दी। कुछ समय बाद उसे पता चला कि जाहिद हुसैन कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी जमीन के फर्जी बैनामे कर बेच रहा है।
जब वह अपनी भूमि पर गया तो कई लोग आये और भूमि को अपना बताने लगे। जब उसने रजिस्ट्री ऑफिस जाकर जानकारी ली। तो पता चला कि जाहिद हुसैन ने अपने साथी जसपुर के मो. छिपियान निवासी शाकिर हुसैन, मो. थाना साबिक निवासी जमील अहमद, मो. रहमखानी निवासी मनीष कुमार, ग्राम फसियापुरा निवासी ओम प्रकाश, रामनगर के गूलर घाटी निवासी नौशाद सिद्दीकी, मानपुर रोड के आरके पुरम निवासी प्रमोद कुमार, जसपुर खुर्द निवासी नजाकत हुसैन, ग्राम प्रतापपुर निवासी सुरेंद्र सिंह, जनपद रामपुर के विलासपुर ग्राम कादरी गंज निवासी गुरशनर जीत सिंह, जसपुर के ग्राम कासिमपुर निवासी महेन्द्र सिंह, ग्राम कचनाल गाजी निवासी गुरविंदर सिंह, ग्राम मिस्सरवाला निवासी मुबारिक हुसैन व उनके चार-पांच अन्य साथियों ने उसकी भूमि को धोखाधड़ी कर काशीपुर समेत रामनगर, रामपुर, जसपुर के लोगों को बेच दी।
आरोप है कि बीती 23 जून 2014 को करीब 11 बजे जब वह अपनी भूमि पर था तो उक्त आरोपी हथियार लेकर जमीन पर अवैध कब्जा करने के लिये घुस आये और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
