हल्द्वानी: नाराज उपभोक्ताओं ने ईई दफ्तर में जमकर हंगामा काटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नलकूपों में आई खराबी को जल संस्थान दूर नहीं कर पा रहा है जिस कारण शहर के कई हिस्सों की पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। उपभोक्ताओं का धैर्य भी जवाब देने लग गया है। गुरुवार को चौधरी कालौनी के नाराज उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा काटा तथा मौके पर पहुंचे अभियंता …

हल्द्वानी, अमृत विचार। नलकूपों में आई खराबी को जल संस्थान दूर नहीं कर पा रहा है जिस कारण शहर के कई हिस्सों की पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। उपभोक्ताओं का धैर्य भी जवाब देने लग गया है। गुरुवार को चौधरी कालौनी के नाराज उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा काटा तथा मौके पर पहुंचे अभियंता को बंधक बना लिया। अधिशाषी अभियंता को भी जमकर खरी खोटी सुनाई।

शहर के खराब नलकूपों को ठीक करने में जल संस्थान को सफलता नहीं मिल पा रही है। बीते पांच दिनों से जल संस्थान खराब पड़े नलकूपों की मरम्मत में जुटा हुआ है लेकिन नलकूप ठीक नहीं हो पा रहे हैं। गुरुवार को चौधरी कालौनी के नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा तथा नलकूप के बाहर प्रदर्शन किया। नलकूप की मरम्मत कर रहे अवर अभियंता को उपभोक्ताओं ने बंधक बना लिया तथा शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

लोगों से वार्ता करने पहुंचे अधिशाषी अभियंता को भी लोगों ने जमकर खरी खोटी सुनाई। उपभोक्ताओं ने कहा कि बीते पांच दिन से खराब पड़े नलकूपों को ठीक नहीं किया जा सका है। जिस कारण उपभोक्ताओं को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। जल संस्थान के अभियंताओं ने नाराज लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने अभियंताओं की एक नहीं सुनी तथा जेई को बंधक बना लिया। नगर निगम के पार्षद रईस वारसी के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रदर्शन किया।

खराब पड़े नलकूपों को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। चौधरी कालौनी, टीपी नगर, देवनगर में मरम्मत का कार्य चल रहा है। नलकूप खराब होने से प्रभावित क्षेत्रों में टेंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है। सभी नलकूपों को जल्द ठीक कर लिया जाएगा।
– संजय श्रीवास्तव, अधिशाषी अभियंता जल संस्थान

गौला बैराज से दो घंटा सप्लाई बंद
खराब पडे़ नलकूप ठीक नहीं हो पा रहे हैं, गुरुवार की दोपहर लगभग ढाई घंटे तक गौला बैराज से सप्लाई बंद होने से जल संस्थान की मुश्किल बढ़ गई हैं। इससे शहर की आपूर्ति में असर पड़ेगा। जल संस्थान के अभियंताओं ने बताया कि गौला में सिल्ट आने के कारण गुरुवार की दोपहर बैराज से पानी की सप्लाई बंद रही। जिस कारण शहर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। गौला बैराज से दोपहर 11.25 से दो बजे से तक पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी।

संबंधित समाचार