हल्द्वानी: लैब टेक्नीशियन एसोशिएशन का सरकार को बीस दिन का अल्टीमेटम
हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के सरकारी अस्पतालों में तैनात लैब टेक्नीशियनों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने सरकार व शासन को बीस दिन का अल्टीमेटम दिया है। इस अवधि में मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष कुबेर मावड़ी ने कहा कि लैब टेक्नीशियन का काम बहुत ही महत्वपूर्ण व संवेदनशील है। पैथोलाजी लैब, ब्लड बैंक, वीआइपी ड्यूटी सहित तमाम राष्ट्रीय कार्यक्रम में उनकी सक्रिय भागीदारी है। वर्तमान समय में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, टाइफाइड की जांचों में वह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने अग्रिम मोर्चे पर रहकर काम किया है। लेकिन राज्य गठन के 22 साल होने के बाद भी उनकी घोर उपेक्षा की जा रही है।
कहा कि टेक्नीशियन अपनी मांगों पर कार्रवाई के लिए शासन-प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री के शासन को स्पष्ट आदेशों के बाद भी उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। ऐसे में उनके सामने आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। यदि 20 दिन के भीतर मांगों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
