चित्रकूट: जांच टीम पर ग्रामीणों के हमले से बिजलीकर्मियों में आक्रोश, एक्सईएन कार्यालय पर दिया धरना
चित्रकूट। जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को चेकिंग के दौरान बिजली टीम पर ग्रामीणों के हमले को लेकर बिजलीकर्मियों में जबर्दस्त गुस्सा है। शुक्रवार को विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने एक्सईएन कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के निराकरण की मांग की।
गौरतलब है कि गुरुवार को कटिया और बिल बकाये की जांच करने पहुंचे बिजलीकर्मियों की टीम पर मानिकपुर थानांतर्गत उमरी के दो लोगों ने हमला बोल दिया था। इसमें एक लाइनमैन गणेश घायल हो गया था। अवर अभियंता प्रदीप गुप्ता की तहरीर पर दो आरोपियों सुनील और दुर्गेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। उधर, इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को भी बिजलीकर्मियों में रोष नजर आया।
यह भी पढ़ें:-अरविंद राजभर का बड़ा बयान, बोले- एक्सीडेंटल एमएलए हैं अब्बास अंसारी
एक्सईएन कार्यालय के समक्ष पटेल तिराहे पर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वाधान में कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। इसमें बिजलीकर्मियों ने अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की। कहा कि उपकेंद्रों पर ट्रांसफार्मर बदलने के लिए संविदाकर्मियों पर दबाव बनाया जाता है।
विभाग ने कर्मचारियों व संविदाकर्मियों के परिचय पत्र भी अभी तक नहीं दिए। सुरक्षा उपकरणों सेफ्टी बेल्ट, टॉर्च आदि की मांग की गई पर सुना नहीं गया। संयुक्त संघर्ष समिति ने वर्क टू रूल का आह्वान किया तथा विभिन्न मांगों को शीघ्र निस्तारण की मांग की।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद के उपखंड अधिकारी आशीष सिंह एवं हाइड्रोइलेक्ट्रिक यूनियन के शिव प्रकाश अवस्थी, उत्तर प्रदेश निविदा संविदा कर्मचारी संघ के हरिओम सिंह, उप्र बिजली कर्मचारी संघ के शिवकुमार तथा उप्र विद्युत मजदूर संघ के आशीष कुमार पांडेय मौजूद रहे। इसके बाद बिजलीकर्मियों ने एक्सईएन को छह सूत्री ज्ञापन सौंपा।
