गोंडा : बाबा रामदेव के बयान पर बीजेपी सासंद बृजभूषण ने कसा तंज,कहा- ईश्वर ने हर ली बाबा की बुद्धि
योग गुरू बाबा रामदेव ने मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं पर की थी अभद्र टिप्पणी
अमृत विचार, गोंडा। मुंबई के एक कार्यक्रम में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर विवादों के घेरे में आए बाबा रामदेव के बयान पर बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने तंज कसा है। बृजभूषण ने श्री रामचरितमानस की चौपाई "जाको प्रभु दारुण दुख देही, ताकी मति पहले हरि लेही" का उल्लेख करते हुए ट्वीट किया है और लिखा है कि ईश्वर ने बाबा की बुद्धि हर ली है।
अपने ट्वीट में बीजेपी सांसद ने रामधारी सिंह दिनकर की पंक्ति का भी उल्लेख किया है और लिखा है कि जब नाश मनुज पर छाता है तो पहले विवेक मर जाता है। महर्षि पतंजलि के नाम पर बने उत्पादों की क्वालिटी को लेकर बाबा रामदेव इस समय बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के निशाने पर हैं। बाराबंकी के एक कार्यक्रम में सांसद ने रामदेव के घी पर सवाल खड़ा किया था। सांसद के इस बयान पर पतंजलि योगपीठ के निदेशक आचार्य बालकृष्ण ने आपत्ति जताई थी।
इसके बाद सांसद महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली पहुंच गए थे और उन्होंने बाबा रामदेव पर पतंजलि के नाम का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। सांसद ने सवाल किया था कि जिन महर्षि के नाम पर इतना बड़ा अरबों का कारोबार किया जा रहा है उनकी जन्मस्थली के विकास के लिए पतंजलि योगपीठ ने अब तक क्या किया? साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर महर्षि पतंजलि के नाम का दुरुपयोग बंद नहीं किया गया तो वह इस मुद्दे को लेकर जनता के साथ एक बड़ा आंदोलन करेंगे।
सांसद के बयान के दूसरे दिन आचार्य बालकृष्ण ने पलटवार करते हुए सांसद पर कभी घी तो कभी टूथपेस्ट के नाम पर खटराग अलापने का आरोप लगाया था और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इस आरोप प्रत्यारोप के बीच योग गुरू बाबा रामदेव के एक बयान ने आग में घी डालने का काम किया है। दो दिन पहले मुंबई के ठाणें में आयोजित एक योग शिविर में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर विवादों में आए बाबा रामदेव के बयान ने सांसद को नया हथियार दे दिया है।
बाबा रामदेव के बयान का जिक्र किए बगैर बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को ट्वीट के जरिए उन पर तंस कसा है। सांसद ने रामचरितमानस की चौपाई "जाको प्रभु दारुण दुख देही, ताकी मति पहले हरि लेही" का उल्लेख किया है। इसका तात्पर्य है कि ईश्वर जिसे दुख देना चाहता है उसकी बुद्धि पहले ही भ्रमित कर देता है।
सांसद ने रामधारी सिंह दिनकर की पंक्ति का भी उल्लेख किया है और लिखा है कि जब नाश मनुज पर छाता है तो पहले विवेक मर जाता है। सांसद के इस ट्वीट को बाबा रामदेव के मुंबई में महिलाओं पर की गई अभद्र टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है।
