हल्द्वानी: आम के बगीचे में अवैध निर्माण पर गरजी प्राधिकरण की जेसीबी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला विकास प्राधिकरण ने राजपुरा में टनकपुर रोड पर सरकारी बगीचे की जमीन पर हो रहे तीन अवैध निर्माण को ढहा दिया। जबकि दो अवैध निर्माण को सील किया है। 

प्राधिकरण संयुक्त सचिव ऋचा सिंह को सूचना मिली कि टनकपुर रोड स्थित आम के बगीचे में अवैध निर्माण हो रहा है। इस पर प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय व संयुक्त सचिव ऋचा सिंह के नेतृत्व में नगर निगम व प्राधिकरण की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने मौके पर पाया कि करीब 10 एकड़ से अधिक नजूल भूमि पर धड़ल्ले से अवैध निर्माण किया जा रहा था। इस भूमि पर पहले आम का बगीचा था। इस पर टीम ने मोहल्ले में घोषणा करवाई कि यदि किसी के पास इस भूमि के मालिकाना हक का कोई भी दस्तावेज है तो दिखा सकता है।

बार-बार घोषणा के बाद भी कोई मौके पर नहीं पहुंचा। तब प्राधिकरण की टीम ने नजूल भूमि पर अवैध ढंग से हो रहे तीन निर्माण (फाउंडेशन) को ढहा दिया। जबकि दो निर्माण जिनके लिंटर पड़ चुके थे उन्हें तत्काल सील कर दिया। टीम ने क्षेत्रवासियों से कहा कि अवैध निर्माण करने वाले भूमि के मालिकाना हक के दस्तावेज लेकर प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे वरना इन निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया जाएगा।

टीम में सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन, एई चंद्रकांत भट्ट, सर्वेयर नवल नौटियाल, चंदन सिजवाली, एएई अंकित बोरा, राकेश चन्द्र आर्या, मुकेश चन्द्र व भारी पुलिस बल मौजूद था। 

टनकपुर रोड स्थित आम के बगीचे में अवैध निर्माण की सूचना मिली थी। प्राधिकरण् व नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर हो रहे तीन अवैध निर्माण ध्वस्त किए और दो सील किए हैं। यदि कोई भूमि पर निर्माण करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भूमि पर निर्माण करने वालों को दस्तावेज दिखाने को मोहलत दी है यदि कोई भी दावा नहीं करता है तो सील किए निर्माण भी ध्वस्त कर दिए जाएंगे।
 - ऋचा सिंह, संयुक्त सचिव, जिला विकास प्राधिकरण/सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी


नगर निगम बेपरवाह, भूमाफिया कर दे रहे नजूल भूमि का सौदा
सूत्रों के अनुसार नजूल भूमि का मालिकाना हक रखने वाला नगर निगम बेपरवाह है जबकि ऐसी भूमि पर लंबे समय से भूमाफिया की नजर है। एक भूमाफिया ने सौ-सौ रुपये के स्टांप पर नजूल भूमि का लाखों का सौदा कर दिया। जब निर्माण हो गए और तब नगर निगम और प्राधिकरण का इस ओर ध्यान गया। 

संबंधित समाचार