चमोली: अवैध हथियारों के साथ हरियाणा के तीन आरोपी गिरफ्तार
चमोली, अमृत विचार। पौड़ी गढ़वाल में आपराधिक घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्वेता चौबे ने रात में सघन चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ ठोस कार्रवाई के निर्देशों पर थाना लक्ष्मण झूला में चेकिंग की। चेकिंग के दौरान तीन युवकों को रोकर पूछताछ की गई। तलाशी में इन युवकों से तीन अवैध तमंचे व पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इसके बाद पुलिस ने तीनों अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रवीण पुत्र गोपाल, निवासी ग्राम गेहलव, थाना बहीन, पंकज पुत्र सुभाष और गौरव पुत्र होशियार सिंह, निवासी ग्राम खजूरका, थाना चांदहट, जिला पलवल ने बताया कि वे काफी समय से बेरोजगार चल रहे हैं। पैसों की जरूरत पड़ती रहती है। इसीलिए किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घर से निकले थे। घूमते हुए नीलकंठ मंदिर से लक्ष्मण झूला की तरफ आ रहे थे।
आरोपी पंकज ने बताया कि वह पूर्व में हत्या के प्रयास व अवैध अस्लाह रखने के जुर्म में गुरुग्राम, हरियाणा से जेल जा चुके हैं। साथ ही आरोपी प्रवीण ने बताया कि वह अवैध अस्लाह रखने के जुर्म में थाना सदर पलवल, हरियाणा में जेल जा चुका है। दोनों वर्तमान में जमानत पर चल रहे हैं। तीसरे आरोपी गौरव के आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है।
