मुरादाबाद : बेघर करने वाले ससुरालियों से महिला ने मांगा दहेज का सामान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दहेज लोभी ससुरालियों के खिलाफ मझोला थाने में मुकदमा, कार न मिलने पर रिश्ता तोड़ने का लगाया आरोप

मुरादाबाद, अमृत विचार। घर से बेघर करने वाले ससुरालियों से एक महिला ने दहेज का अपना पूरा सामान वापस मांगा है। पीड़िता के गंभीर आरोपों के आधार पर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मझोला पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

मझोला थानाक्षेत्र में मानसरोवर कालोनी की रहने वाली सोनम चौधरी के अनुसार उनकी शादी 23 फरवरी 2017 को शंशाक कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी ग्राम पृथीपुर थाना अमरोहा देहात जिला अमरोहा के साथ हुई। पति दिल्ली में संसद मार्ग स्थित रिजर्व बैंक आफ इंडिया में कार्यरत है। मायके वालों ने दहेज में कार, वाशिंग मशीन, एलईडी, माईक्रोवेब, इन्डक्शन, प्रेस, सिंगल बेड, डाईनिंग टेबिल, ड्रेसिंग टेबिल, एसी, टीवी, घड़ी, सेफ, रेफ्रीजरेटर के अलावा 20 तोले सोने के जेवरात के साथ ही ज्वेलरी, सोफा, अलमारी, डबल बेड, कपड़े, बर्तन व 10 लाख रुपये नकदी आदि दिया। इस पर भी ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं थे। 

वह महिला पर दहेज में फारच्यूनर कार व 10 लाख रुपये नकद मायके से लाने का दबाव बनाने लगे। महिला ने जब प्रतिवाद किया तो सितंबर 2018 में पति शशांक कुमार, ससुर दिनेश कुमार, सास अर्चना, ननद दिव्या, ददिया ससुर रघुवीर सिंह ने महिला से मारपीट करते हुए अबोध बच्चे संग महिला को बेघर कर दिया। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। 

तब महिला अपने पुत्र सहित मायके लौट आई। महिला के अनुसार विवाह के समय जो सामान वह ससुराल लेकर गई, उसका ससुराल पक्ष के लोग दुरुपयोग कर रहे हैं। आरोपी ससुराली कीमती सामान जानबूझ कर तोड़ रहे हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए महिला ने दहेज का पूरा सामान वापस लौटाने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:- संभल : बिस्तर पर मिला युवक का शव, पत्नी पर हत्या का आरोप

संबंधित समाचार