बाजपुर: हत्यारोपी को फांसी की सजा देने की मांग
बाजपुर, अमृत विचार। प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र उत्तर-प्रदेश के ठाकुरद्वारा जनपद में एससी वर्ग के युवक की हत्या के दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय बाल्मीकि समाज विकास परिषद की स्थानीय शाखा ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया है।
शुक्रवार को उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे संस्था के लोगों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देकर कहा कि विशाल उर्फ एकाने रायकोटी की हत्या मो.विलाल पुत्र नामालूम ग्राम फसियापुरा तहसील ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद उप्र ने रंजिशन गोली मारकर की है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जोकि इस समय जेल में है। विशाल अपने परिवार की गुजर-बसर करता था। उसका एक पांच वर्षीय बच्चा व पत्नी है, जो इस समय सहायताहीन हो चुकी है।
ज्ञापन में मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने, आरोपी को फांसी की सजा देने, विशाल के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने, बच्चे की परवरिश के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि सहायतार्थ उपलब्ध करवाने तथा विशाल के पिता मुकेश बाल्मीकि को अपने परिवार की सुरक्षा के लिए एक शस्त्र का लाइसेंस दिलवाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में रंजीत लाल प्रेमी, इंद्रजीत चुनारा, चंद्रजीत प्रेमी, उमेश बालमीकि, संजय, अशोक कुमार, चौधरी सुरेश कुमार बाल्मीकि, चौधरी रामेश्वर प्रकाश, अभिषेक, गौतम चुनारा, विक्की चौधरी, मुन्नू सिंह आदि मौजूद थे।
