काशीपुर: प्रतिबंधित इंजेक्शन व कैप्सूल के साथ दो दबोचे
काशीपुर, अमृत विचार। एसओजी टीम ने गश्त के दौरान दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 74 प्रतिबंधित इंजेक्शन व 48 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोमवार की देर शाम एसओजी टीम संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। पुष्प विहार कॉलोनी में बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों के पास पुलिस ने भीड़ को एकत्र देखा। शक होने पर एसओजी टीम जैसे ही युवकों के करीब पहुंची, तो वहां जमा भीड़ तितर बितर हो गई और दोनों युवक टीम को देख भागने का प्रयास करने लगे। जिसे पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर पुलिस को दोनों युवकों के पास से 74 प्रतिबंधित इंजेक्शन व 48 कैप्सूल बरामद हुए। साथ ही उनके पास पुलिस ने 3070 रूपये, दो मोबाईल व बाइक भी बरामद की। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम थाना रेहड़ बिजनौर यूपी निवासी अमन सिंह और पुष्प विहार कॉलोनी काशीपुर निवासी चांद बताया। आरोपियों ने बताया कि वह नशे के इन्जेक्शन व कैप्सूल नशेड़ियों को घूम-घूम कर बेचते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
