हौसिला नगर चोरीकांड: दिल्ली व मुंबई से लौटे पीड़ितों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
अमृत विचार, अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित हौसिला नगर मोहल्ले में शुक्रवार की रात दो घरों में हुई चोरी के मामले में दिल्ली और मुंबई से वापस लौटे पीड़ितों ने शनिवार की देर रात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मामले की जानकारी मिलने पर परिवार समेत मुंबई से लौटे भारतीय जीवन बीमा निगम के अभिकर्ता शरद कुमार पांडेय की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि शनिवार की सुबह मोहल्ले वासियों तथा नौकरानी ने ताला टूटा देख चोरी की सूचना दी। पत्नी जयमाला के साथ मुंबई से वापस घर पहुंचा तो देखा कि चोरों ने आलमारी में रखे बीमा किश्त के दो हजार रुपये चोरी कर लिए हैं।
वहीं दिल्ली से वापस लौटे पड़ोसी पीड़ित संजय शुक्ल ने तहरीर में लिखा है कि उनके घर, आलमारी तथा लॉकर का ताला तोड़ चोरों ने चांदी की एक प्लेट, चार कटोरा, चार चम्मच, चार गिलास, एक कंगन, छह पायल, एक दीया, 15 सिक्के तथा सोने का दो जोड़ा कान का टॉप्स व एक सिक्का तथा एक लाख रुपया पार कर दिया।
रविवार को सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात तहरीर मिलने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग घर में घुसकर चोरी का मामला दर्ज किया है। छानबीन में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-भाजपा 365 दिन चुनावी मोड में काम करने वाला दलः शंकर गिरि
