गोंडा : फंदे से लटकता मिला महिला का शव, परिजनों में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

मृतका की मां ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

अमृत विचार, गोंडा। तरबगंज थाना क्षेत्र के बौरिहा गांव में मंगलवार को एक विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला।‌ सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।‌ वहीं महिला की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा है मृतका के तीन छोटे-छोटे बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। मामले में मृतका की मां ने ससुराली जनों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 तरबगंज थाना क्षेत्र के बौरिहा गांव के रहने वाले लक्ष्मण की 35 वर्षीया पत्नी गुड़िया का शव गांव के बाहर एक पेंड़‌ पर फंदे के सहारे लटकता पाया गया। महिला का शव लटकता देख गांव में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची तरबगंज पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला के मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच‌ गया।‌ मां के शव को देखकर उसके तीन छोटे बच्चे बिलख उठे। बच्चों की चीत्कार सुन लोगों की आंखें नम हो गई। वहीं इस मामले में मृतका की मां गीता चौहान ने बेटी के ससुराल वालों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-कानपुर : कांग्रेस-वार्डों में मनाया गया स्थापना दिवस

संबंधित समाचार