लखनऊ व आगरा जोन में पहले चलेंगी एंबुलेंस
पशुओं के उपचार को डेढ़ साल से खड़ीं 520 एंबुलेंस, पांच जोन में बांटी
लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, अलीगढ़ व बरेली मंडल को 218 एंबुलेंस
अमृत विचार, लखनऊ। पशुओं के उपचार को बनी 1962 सेवा पहले लखनऊ व आगरा जोन में शुरू होगी। कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद पशुपालन विभाग ने डेढ़ वर्ष पहले खरीदी गई 520 एंबुलेंस के संचालन की तैयारी कर ली है। प्रदेशभर को लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, मेरठ व वाराणसी पांच जोन में बांटा है।
इन पांचों जोन में एक-एक कंपनी एंबुलेंस चलाएगी। इसमें लखनऊ व आगरा जोन के लिए दो कंपनियों को टेंडर किए जा चुके हैं। इसमें एक कंपनी लखनऊ जोन में 116 व दूसरी आगरा जोन में 102 एंबुलेंस चलाएगी। जिसकी अनुमति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, इसी माह तीन और कंपनियों के लिए टेंडर किए जाएंगे।
इन जोन में ये मंडल
- लखनऊ जोन : लखनऊ, कानपुर व झांसी मंडल
- आगरा जोन : आगरा, अलीगढ़ व बरेली मंडल
इन जिलों में जाएंगी 218 एंबुलेंस
- लखनऊ मंडल : लखनऊ, सीतापुर, उन्नाव, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली
- कानपुर मंडल : कानपुर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज
- झांसी मंडल : , झांसी, जालौन, ललितपुर
- आगरा मंडल : आगरा, मैनपुरी, मथुरा, फिरोजाबाद
- अलीगढ़ मंडल : अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस
- बरेली मंडल : बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर
80 करोड़ रुपये से ज्यादा की एंबुलेंस
करीब डेढ़ साल पहले 80 करोड़ से अधिक रुपये की 520 एंबुलेंस खरीदी गईं थीं। जिसे कॉल कर बुलाने के लिए 1962 ट्रोलफ्री नंबर जारी किया गया था। लेकिन, इन एंबुलेंस का संचालन टेंडर के कारण नहीं हो पाया था। जब टेंडर हुआ तो एक कंपनी आपत्ति लगाकर कोर्ट चली गई थी। इससे फिर कोर्ट के आदेश का इंतजार किया गया और याचिका खारिज होने के बाद संचालन की तैयारी शुरू की गई है।
पशु पालन विभाग के उप निदेशक डॉ. राजीव श्रीवास्तव के मुताबिक, 520 एंबुलेंस संचालन के लिए प्रदेश को पांच जोन में बांटा है। लखनऊ व आगरा जोन के टेंडर होने पर संबंधित जिलों में एंबुलेंस चलाएंगे। जिसकी शासन से अनुमति मांगी है। अन्य के भी टेंडर की प्रक्रिया की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-क्रिकेट टूर्नामेंट : रजनीकांत ने सीआईडी क्लब को दिलाई जीत
