देश में कोरोना संक्रमित 19 लाख के पार, रिकवरी दर 67 फीसदी
नई दिल्ली। देश में मंगलवार को करीब 47 हजार कोरोना वायरस ‘कोविड-19′ संक्रमितों का पता चल चुका है जिससे स्पष्ट है कि इस मामले में स्थिति निरंतर बिगड़ती ही जा रही है। पिछले 36 घंटों में करीब एक लाख नये मामले आने से संक्रमितों की संख्या मंगलवार की देर रात 19 लाख के पार हो …
नई दिल्ली। देश में मंगलवार को करीब 47 हजार कोरोना वायरस ‘कोविड-19′ संक्रमितों का पता चल चुका है जिससे स्पष्ट है कि इस मामले में स्थिति निरंतर बिगड़ती ही जा रही है। पिछले 36 घंटों में करीब एक लाख नये मामले आने से संक्रमितों की संख्या मंगलवार की देर रात 19 लाख के पार हो गयी तथा 821 और लोगों की मौत से मृतकाें का आंकड़ा 40 हजार के करीब पहुंच गया लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 67 फीसदी के पार पहुंच गयी है। अब तक पौने 13 लाख से अधिक लोग इस संक्रमण से निजात पा चुके हैं।
राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक आज सुबह से अब तक कोरोना संक्रमण के 46,211 नये मामले रिकार्ड में आ चुके हैं। इससे संक्रमितों की संख्या 19,01,542 हो गयी है। इस दौरान 821 और लोगों की मौत से मृतकों का आंकड़ा 39,792 पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान 47,953 लोगों के स्वस्थ होने के बाद संक्रमण मुक्त लोगों की संख्या 12,78,393 पहुंच गयी है।
इसके साथ ही मरीजों के स्वस्थ होने की दर 67.22 फीसदी हो गयी। देश भर में फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 5,82,908 है, जिनका विभिन्न अस्पतालों एवं कोविड केंद्रों में इलाज किया जा रहा है। इससे पहले आज सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 52,050 लोगों के संक्रमित होने से संक्रमितों की संख्या 18,55,746 हो गयी थी।
मंगलवार को सबसे अधिक नये मामले दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश से सामने आये। राज्य में 9747 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या पौने दो लाख को पार कर गयी। कोविड-19 से सर्वाधिक गंभीर रूप से प्रभावित पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र से 7760 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या 4.58 लाख के करीब पहुंच गयी। राज्य में करीब तीन लाख लोग संक्रमण से अब तक मुक्ति भी पा चुके हैं।
महाराष्ट्र में आज एक बार फिर सबसे अधिक मौतें दर्ज की गयीं। राज्य में आज 300 और मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 16,142 हो गया है। महाराष्ट्र संक्रमण और मौत के मामले में पूरे देश में पहले स्थान पर है। इसके अलावा कर्नाटक में 6259 नये मामले, तमिलनाडु में 5063 मामले, उत्तर प्रदेश में 2948 मामले, पश्चिम बंगाल में 2752 और बिहार में 2464 नये मामले सामने आये। कर्नाटक आज दिल्ली को पीछे छोड़ चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश एक लाख से अधिक मामलों के साथ महाराष्ट्र, तमिलनाडु (2.68 लाख से अधिक), आंध्र प्रदेश (1.76 लाख से अधिक), कर्नाटक (1.45 लाख से अधिक) और दिल्ली (1.40 लाख के करीब) के बाद छठा ऐसा राज्य बन गया है जहां एक लाख से अधिक मामले हैं। उत्तर प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,00,310 हो गयी है तथा 1817 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 57,271 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं।
इस बीच, पश्चिम बंगाल में 2752 नये मामले सामने आने से अब तक 80,984 लोग संक्रमित हो चुके हैं तथा 1,785 लोगों की मौत हुई है जबकि 56,884 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। बंगाल में आज 22 हजार से अधिक जांच हुईं। देश का पश्चिमी राज्य गुजरात संक्रमण के मामले में अब नौवें स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली और कर्नाटक के बाद पांचवें स्थान पर है। गुजरात में 65,704 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2,529 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 48,561 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 68,946 हो गयी है और यह संक्रमण के मामले में अब आठवें स्थान पर है। राज्य में इस महामारी से अब तक 563 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 49,675 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। तेलंगाना में आज 13 हजार से अधिक जांच हुई। बिहार में 2464 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 62,031 हो गयी तथा मृतकों की संख्या 349 हो गयी है जबकि अब तक 35,473 लोग रोगमुक्त भी हुए हैं। इसके बाद राजस्थान में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 43,243 हो गयी है और अब तक 694 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 40,760 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।
कोरोना की महामारी से मध्य प्रदेश में 912, हरियाणा में 448, जम्मू-कश्मीर में 417, पंजाब में 462, ओडिशा में 258, झारखंड में 128, असम में 115, उत्तराखंड में 95, केरल में 88, छत्तीसगढ़ में 69, पुड्डुचेरी में 58, गोवा में 60, चंडीगढ़ में 20, हिमाचल प्रदेश में 13, त्रिपुरा में 28, लद्दाख में सात, मेघालय में पांच, नागालैंड में चार, अरुणाचल प्रदेश में तीन, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 12, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ बलराम भार्गव ने आज कहा कि पूरे विश्व में अभी तक कोरोना वायरस से निपटने की कोई विशिष्ट दवा नहीं है और विश्व में 141 संस्थाएं और चिकित्सकीय संगठन वैक्सीन विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं जिनमें से 26 संगठनों का काम विभिन्न अग्रिम चरणों में हैं। भारत में तीन संगठन कोरोना वैक्सीन के विकास में लगे हुए हैं जिनमें भारत बायोटेक, साइड्स कैडिला की डीएनए वैक्सीन और सीरम इंस्टीट्यूट की वैक्सीन का कार्य शामिल हैं।
डॉ भार्गव ने बताया कि भारत बायोटेक की ‘इनएक्टिवेटिड वायरस वैक्सीन’ के पहले चरण में 11 विभिन्न स्थानों पर ट्रायल पूरा हो चुका है और दूसरे चरण का परीक्षण शुरू हो चुका है। साइड्स कैडिला की डीएनए वैक्सीन के पहले चरण का ट्रायल पूरा कर लिया गया है और दूसरे चरण का ट्रायल भी 11 ऐसे ही स्थानाें पर किया जा रहा है। उन्हाेंने बताया कि सीरम इंस्टीट्यूट की रिकाम्बिनेंट वैक्सीन के दूसरे और तीसरे चरण के चिकित्सकीय ट्रायल की अनुमति कल मिल गई है और आने वाले हफ्तों में इसे 17 स्थानों पर शुरू किया जा सकेगा।
