भीमताल: सीडीओ ने भवन निर्माण में पहाड़ी शैली का प्रयोग करने को कहा
भीमताल, अमृत विचार। पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास होम स्टे विकास योजना के अंतर्गत चयनित आवेदकों के साक्षात्कार हेतु जिला चयन समिति की बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. संदीप तिवारी की अध्यक्षता में विकास भवन भीमताल में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डॉ. तिवारी ने कहा कि होमस्टे योजना व गैर वाहन मद के अंतर्गत भवन निर्माण में पहाड़ी थीम अर्थात पारंपरिक काष्ठ व पठाल शैली का प्रयोग किया जाए। इससे उत्तराखंड को अपनी विशिष्ट पहचान मिलेगी। उन्होंने पर्यटन अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय को निर्देश दिये कि भविष्य में योजना के अंतर्गत आवेदन करने वाले आवेदकों की पत्रावलियों को समस्त दस्तावेजों के साथ पूर्ण कर सबंधित बैंकों को प्रेषित किया जाए।
बताया कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना में वाहन मद के अन्तर्गत 13 आवेदक, गैर वाहन मद में 09 आवेदक व दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास होम स्टे विकास योजना के अंतर्गत 08 आवेदकों के द्वारा आवेदन किया गया था।
आवेदन पत्रों का निरीक्षण एवं परीक्षण करने के उपरांत समिति द्वारा वाहन मद में 11, गैर वाहन मद में 09 एवं होम स्टे योजना के अंतर्गत 07 आवेदकों के आवेदन को वित्त पोषण हेतु योजना के अंतर्गत चयन किया गया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी ने पत्रावलियों को संबंधित बैंक शाखाओं को वित्त पोषण हेतु तत्काल भेजे जाने के निर्देश पर्यटन अधिकारी को दिए।
