बरेली: कटरी ट्रपल मर्डर केस, आगरा में पुलिस टीमों का डेरा...तलाश रही सुरेश और उसके रहनुमा

बरेली: कटरी ट्रपल मर्डर केस, आगरा में पुलिस टीमों का डेरा...तलाश रही सुरेश और उसके रहनुमा

बरेली, अमृत विचार। रामगंगा की कटरी में हुए ट्रिपल मर्डर केस के बाद से ही जिले की पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। आरोपियों की तलाश में कई टीमें खोजबीन में जुटी हुईं हैं। जिसमें तीन टीमें आगरा में मुख्य आरोपी सुरेश प्रधान, सूरजपाल, आगरा के ही रहने वाले सुभाष पाठक और वीरेंद्र पाठक की तलाश में दबिश दे रही हैं। पूरे घटनाक्रम में किन्हीं चार व्यक्तियों को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस इनके रहनुमा की भी तलाश में है जो इनकी अभी तक मदद करती आ रही है।

आखिर घायल सुरेश व उसके साथियों की कौन मदद कर रहा है। पुलिस कई विंदुओं पर जांच कर रही है। लोमड़ी जैसा चालाक सुरेश इससे पहले भी कई बार ऐसी वारदातों में बचकर निकल चुका है। हालांकि उसके दो भाइयों की मौत हो गई थी। एक भाई का संजय नगर में भी मर्डर हो चुका है। 

बुधवार की शाम फरीदपुर के गोविंदपुर स्थित परमवीर सिंह के फार्म हाउस पर सुरेश प्रधान ने अपने साथियों के साथ मिल कर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। जिसमें परमवीर पक्ष के परमिंदर सिंह पुत्र हरजीत सिंह निवासी साहनीपुर फतेहगढ़ साहेब और देवेंद्र कुमार पुत्र करण सिंह निवासी मदनपुर होशियारपुर की हत्या हो गई थी। दोनों तरफ से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में सुरेश प्रधान पक्ष के गुल मोहम्मद की भी हत्या हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने फार्म हाउस के मैनेजर खजांची लाल शर्मा की तरफ से 18 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 

आरोपियों में सुरेश पाल सिंह तोमर पुत्र झम्मन सिंह, विपिन, विकास सिंह पुत्रगण सुरेश पाल सिंह, अजीत पाल सिंह पुत्र महेंद्र, रिंकू, गेंदन लाल पुत्र धरमेई, पुष्प पाल,सूरजपाल, सुनील, संजय,सुधीर, अजय, राहुल पुत्रगण सूरजपाल, मुकेश पुत्र देशपाल, जगपाल उर्फ जग्गा, राम नरेश और आगरा के सुभाष पाठक और वीरेंद्र पाठक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को सुरेश की लोकेशन आगरा में मिल रही है। जिस कारण आगरा में चप्पे-चप्पे को पुलिस खंगाल रही है।

आखिर सुरेश व उसके घायल साथियों का कौन मददगार बना हुआ है। इस पर भी पुलिस का फोकस है। फरीदपुर पुलिस ने इस मामले में एक महिला समिति 9 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। यह सभी लोग बदायूं के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो हिरासत में जिस महिला से पूछताछ की जा रही है वह सुरेश प्रधान की रिश्तेदार है। जबकि अन्य लोग दूसरे आरोपियों के परिचित और रिश्तेदार हैं। सभी का आरोपियों से कोई न कोई कनेक्शन जुड़ा हुआ है। सुरेश पाल सिंह तोमर के साथ डेढ़ दर्जन से अधिक लोग थे। पुलिस के हाथ केवल तीन आरोपी ही चढ़े हैं। पुलिस इनसे बाकी साथियों के बारे में पुछताछ कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस की पकड़ में होंगे।

सुरेश प्रधान पर की जा रही इनाम घोषित करने की तैयारी 
ट्रपल मर्डर केस से कटरी पूरी तरह से दहल गई है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं। जिस वजह से पुलिस की मुसीबत बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया सुरेश प्रधान, सूरजपाल और आगरा के वीरेंद्र पाठक व सुभाष पाठक पर जल्द ही इनाम घोषित कर सकते हैं। प्रदेश सरकार तक में इस ट्रपल मर्डर की गूंज से पुलिस महकमें में हड़कंम मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें- बरेली : उत्तरायणी मेले का हुआ आगाज, देखिए देवभूमि की संस्कृति से रू-ब-रू करातीं तस्वीरें