काशीपुर: रेलवे ने तीन महीने में 766.5 रेक माल लदान कर अर्जित किए 193. 51 करोड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। रेलवे ने अगले साल तक माल लदान दोगुना करने के लिए कमर कस ली है। इस दौरान इज्जतनगर मंडल ने वर्ष 2022 -2023 की तीसरी तिमाही के अंत तक 766.5 रैकों में 1.284 मिलियन टन का माल लदान कर 193. 51 करोड़ का राजस्व आय अर्जित की है, जो पिछली तिमाही की तुलना में 53.66 अधिक है।  पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि इज्जतनगर मंडल मूलतः यात्री प्रधान प्रणाली है।

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार वर्ष 2024 तक माल लदान दोगुना करने के उद्देश्य की पूर्ति में इज्जतनगर मंडल भी अपना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके निमित्त "ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विद द रेलवेज" के तहत मंडल पर 09 बिजनेस डेवलपमेंट यूनिटों का गठन किया गया है, जोकि मार्केट सर्वे-डाटा कलेक्शन के अतिरिक्त विशेष विपणन प्रयासों से गहन मार्केटिंग करते हुए रेलवे की माल लदान नीतियों का व्यापारियों के द्वार तक पहुंचाकर व्यापारियों की माल लदान के क्षेत्र में सहायता कर रही है।

इन प्रयासों को और सुदृढ़ करने के लिए पंजीकृत व्यापारियों के लाभार्थ ऑटोमोबाइल, नए माल लदान एवं पार्सल को उनके बीच प्रचारित करने के लिए वेबिनार का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त गुड्स साइडिंग पर भी सुविधाओं का विस्तार किया गया। उन्होंने बताया कि व्यापारियों से नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए 24 घंटे सक्रिय टि्वटर हैंडल@रेल फ्रेट आईजेडएन की शुरुआत की गई। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति देश के विभिन्न गंतव्यों को करने के लिए प्रतिबद्ध इज्जतनगर मंडल को विभिन्न वस्तुओं का माल लदान रेल परिवहन सुविधा की ओर आकर्षित करने में भारी सफलता मिली है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 -2023 की तीसरी तिमाही के अंत तक इज्जतनगर मंडल ने 766.5 रैकों में 1.284 मिलियन टन का माल लदान कर देश के विभिन्न गंतव्यों को भेजा है। जिससे रेलवे को 193.51 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ है, जो पिछली इसी अवधि की तुलना में 53.66 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष इसी अवधि में मंडल द्वारा 657.5 रैकों में 1.026 मिलियन टन माल लदान कर 125.93 करोड़ प्राप्त हुआ था। उन्होंने बताया कि मंडल के माल लदान के क्षेत्र में 171 रैक खाद्यान्न, 334 रेक कंटेनर, 149.5 रेक ऑटोमोबाइल, 38 रैक चीनी, 04 रैक आलू विभिन्न क्षेत्रों में भेजा गया है।

संबंधित समाचार