रुद्रपुर: रुद्रपुर की धर्मशाला में मिला दिल्ली के कारोबारी का शव
रुद्रपुर, अमृत विचार। दिल्ली के एक कारोबारी का शव रुद्रपुर स्थित एक धर्मशाला में मिला। वह दो महीने से दिल्ली से लापता था। दिल्ली के सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे ने पिता का अपहरण कर हत्या का संदेह जताया है।
मंगलवार की दोपहर को कोतवाली पुलिस को खबर मिली कि दिल्ली के एक कारोबारी का शव दुर्गा धर्मशाला में संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। कोतवाल विक्रम राठौर बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कारोबारी बिस्तर पर अचेत पड़े थे। मौके पर पहुंचे परिजनों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान दिल्ली के बावरोला नगली बिहार नजफगढ़ दिल्ली निवासी सुरेश चंद्र पंत के रूप में हुई। सुरेश दिल्ली में बैग बनाने का कारोबार करते थे, वह 21 नवंबर से घर से लापता थे।
परिवार के लोगों ने 24 नवंबर 2022 को दिल्ली के सदर थाने में अपहरण का आदेशा जताकर तहरीर दी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में पता चला कि कारोबारी 20 जनवरी को ही रुद्रपुर आए थे और धर्मशाला में कमरा किराये पर लिया था, 24 जनवरी की सुबह अचानक तबीयत खराब होने पर धर्मशाला के मैनेजर उनको अस्पताल भी ले गए। उसके बाद वह पुन: कमरे में आकर आराम करने लगे थे। पुलिस जांच में जुट गई है।
