देहरादून: स्वयं में लीडरशीप का विकास करें युवा
कैडेट्स व आरडीसी दल को किया सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संबोधित
गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित भी किया
देहरादून, अमृत विचार। गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स व आरडीसी दल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन में सम्मानित करते कहा कि युवाओं को स्वयं में लीडरशीप का विकास करना होगा। युवा जिस भी क्षेत्र में जाएं, वहां नेतृत्व करें।
सीएम धामी ने कहा कि, एनसीसी जैसे गौरवशाली संगठन से जुड़ना प्रत्येक युवा के लिए गर्व का विषय है। एनसीसी संगठन से ज्यादा एक मिशन है, जिसका उद्देश्य देश की युवाशक्ति में अनुशासन, दृढ़ निश्चय और राष्ट्र के प्रति निष्ठा की भावना को मजबूत करना है। देश के किसी भी हिस्से में जब भी कभी कोई संकट या आपदा आई, एनसीसी के कैडेट्स ने हमेशा पूर्ण समर्पण भाव के साथ अपने दायित्व का निर्वहन किया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में विस्तार की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोनों ही दक्ष एनसीसी कैडेट्स रहे हैं। एनसीसी वो नर्सरी है, जहां भविष्य के वीर सैनिक तैयार होते हैं इसलिए वर्तमान में एनसीसी के विस्तार और आधुनिकीकरण पर प्रधानमंत्री के निर्देशन में केंद्र सरकार की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री की योजना है कि आने वाले समय में 1 लाख नए कैडेट्स तैयार किए जाएं, जिनमें से करीब एक तिहाई महिलाएं होंगी। सरकार की योजना सीमावर्ती इलाकों में एनसीसी के कार्यक्षेत्र को और अधिक बढ़ाने की भी है।
मुख्य सेवक के रूप में काम आ रहा अनुभव
सीएम धामी ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि विद्यार्थी जीवन के दौरान वह भी एनसीसी कैडे्ट रहे हैं। एनसीसी के माध्यम से जिस अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठता और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव को उन्होंने अंगीकार किया, वह आज प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में कार्य करते हुए उनके सबसे अधिक काम आ रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, एडीजी उत्तराखंड एनसीसी निदेशालय मेजर जरनल पी.एस. दहिया, कंटीजेंट कमांडर आरडीसी 2023 लेफ़्टिनेंट कर्नल दीपेन्द्र सिंह समेत एनसीसी के अधिकारी-कर्मचारी एवं कैडेट्स मौजूद रहे।
ये कैडेट्स हुए सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कैडे्ट अंजलि नेगी, प्रिया पाण्डेय, आरती सिंह (घुड़सवारी में कांस्य पदक), यश पाण्डेय (बैंड मास्टर), मनोज सिंह बिष्ट (घुड़सवारी में कांस्य पदक), फ्लाइंग कैडे्ट अविनाश, मयंक काला, गिरीश जोशी, तन्वी, अदिति कौशिक और प्रियंका पनेरू को सम्मानित किया।
