बरेली: आईजीआरएस निस्तारण में बरेली मंडल प्रदेश में प्रथम

कमिश्नर संयुक्ता समद्दार के नेतृत्व में तीन माह में दूसरी बार प्रदेश में अव्वल आया बरेली

बरेली: आईजीआरएस निस्तारण में बरेली मंडल प्रदेश में प्रथम

बरेली, अमृत विचार। आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रेड्रेसल सिस्टम) पर आने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण में बरेली मंडल ने फिर छलांग लगाई है। बरेली मंडल पूरे प्रदेश में प्रथम आया है। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। शिकायत करने वालों से फीडबैक लिया जा रहा है। इससे पहले नवंबर में बरेली मंडल जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में प्रथम आया था।

आईजीआरएस में इस माह 1085 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिनका त्वरित, न्याय पूर्ण, गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निस्तारण किया गया। कमिश्नर संयुक्ता समद्दार की अगुवाई में बरेली मंडल को यह उपलब्धि हासिल हुई है। 100 फीसदी शिकायतों का निस्तारण हो रहा है।

ऐसे चढ़ती गई बरेली मंडल की आईजीआरएस में रैंकिंग
आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में बरेली मंडल सितंबर 2022 में 16 वें पायदान पर था। कमिश्नर संयुक्ता समद्दार के बरेली मंडल का चार्ज लेने के बाद रैंकिंग में सुधार आना शुरू हो गया। अक्टूबर में बरेली मंडल तीसरे नंबर पर था। नवंबर में प्रदेश के सभी मंडलों को पीछे छोड़कर बरेली प्रथम आया। दिसंबर में बरेली मंडल छठे पायदान पर खिसक गया था। जनवरी, 2023 में छलांग लगाते हुए बरेली मंडल फिर पहले पायदान पर खड़ा है।

बेहतर टीम मैनेजमेंट से शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण
कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने बताया कि टीम मैनेजमेंट, त्वरित गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध तरीके से शिकायत के निस्तारण करने में मंडल को पहला स्थान मिला है। इसमें मंडल के सभी डीएम, नोडल ऑफिसर, एडिशनल कमिश्नर अरुण कुमार, डीडी समाज कल्याण अजय सिंह, फूड सेफ्टी डिविजनल ऑफिसर सुवेंद्र कुमार, आईजीआरएस सहायक विकास मेहरा के साथ सभी का आपसी तालमेल, समन्वय और गुणवत्तापूर्ण कार्यशैली से यह उपलब्धि मिली है।

रैंकिंग में जिलों की स्थिति संतोषजनक नहीं
बरेली मंडल आईजीआरएस के निस्तारण में प्रथम है लेकिन जिलों की स्थिति चिंताजनक है। बरेली जिला प्रदेश में 66, पीलीभीत की रैंकिंग में सुधार आया है, वह 38 में पायदान पर पहुंच गया है। शाहजहांपुर 63 और बदायूं 73वें स्थान पर लुढ़क कर जा पहुंचा है।

ये भी पढ़ें- बरेली: एलबेंडाजोल और फाइलेरिया की दवा खाते ही बिगड़ गई बच्चों की हालत