खटीमाः आरटीजीएस करवाकर 6.47 लाख की धोखाधड़ी
खटीमा, अमृत विचार। कुर्मांचल नगर सहकारी बैंक शाखा में आरटीजीएस करवाकर 6.47 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप का मामला सामने आया है। शाखा प्रबंधक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बैंक के शाखा प्रबंधक विरेंद्र सिंह खाती ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि 30 जनवरी को बैंक में कार्यरत कर्मचारी कुलदीप पंत अधिकारी वर्ग चार को सुबह फोन आया।
बताया कि मैं ऐश्वर्य बोल रहा हूं एक आरटीजीएस होना है। कुलदीप ने तत्काल शाखा प्रबंधक को सूचित किया। इसी दिन एक ई मेल प्राप्त हुई। जिसमें एक खाता नंबर से 6,47,000 रुपये दूसरे खाता धारक अर्जुन सिंह आईसीआईसी बैंक में आरटीजीएस के माध्यम से फंड ट्रांसफर हेतु निवेदन किया गया। जिसमें ऐश्वर्य का भाई बनकर वैभव ने फंड ट्रांसफर पर सहमति दी।
इसके बाद बैंक कर्मी कुलदीप पंत व आदर्श बिष्ट से उक्त ई मेल पढ़कर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। बैंक शाखा द्वारा खाते में 6,47,000 रुपये आरटीजीएस कर दिया गया। इसके बाद एक मोबाइल से सूचित किया कि आरटीजीएस ट्रांसफर उनके द्वारा नहीं की गई। आहरण पर रोक लगाई जाए। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवेचना एसआई प्रियांशु जोशी को सौंपी है।
