SDM के औचक निरीक्षण में खुली मवई सीएचसी की पोल, अधीक्षक सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मिले नदारद
आयुष्मान कार्ड की सही जानकारी न मिलने पर एसडीएम ने लगाई फटकार
अमृत विचार, मवई/ अयोध्या। उप जिलाधिकारी रुदौली ने शनिवार को मवई सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक सहित कई स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। महज एक डॉक्टर के सहारे ही सीएचसी के स्वास्थ्य सेवाएं चलती मिली। यही नहीं एसडीएम को गुमराह करने के लिए आरबीएसके टीम की डाक्टर को ओपीडी में मरीज देखने के लिए बैठा दिया गया।
एसडीएम रूदौली स्वप्निल यादव के निरीक्षण के दौरान निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डा. पीके गुप्त, अधीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मिश्रा डा. शबनम, डा. आदित्य, डा. फराज एवं डा. रीना मिश्रा अनुपस्थित मिले। बताया गया कि अधीक्षक पीके गुप्त व रीना मिश्रा छुट्टी पर है। स्टाफ नर्स दिव्या वंदना व रजनी, वार्ड ब्वाय में अनिल कुमार अनुपस्थित रहे।
एसडीएम ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विभाग को पत्र भेजा जाएगा। इस दौरान एसडीएम ने राष्ट्रीय फाइलेरिया अभियान के पटल को देखा व दवाई के खिलाने के तरीकों के बारे में पूछताछ किया। उन्होंने सीएचसी भवन को देखा और ओपीडी के बारे में भी चिकित्साधिकारी से जानकारी ली। ओपीडी में महिला डॉक्टर की जगह आरबीएसके टीम की डॉक्टर रंजना को बैठा दिया गया था। एसडीएम ने गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि गांव में कैम्प लगाकर प्रधान व अन्य विभागों की सहभागिता से शत प्रतिशत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड का केवाईसी कराया जाएगा। आयुष्मान कार्ड की सही जानकारी न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई।
ये भी पढ़ें - प्रदेश सरकार शिक्षकों को पूरा सम्मान देने के लिए संकल्पित :वेद
