हल्द्वानी: एसटीएच में नई एमआरआई मशीन लगाने की प्रक्रिया तेज
हल्द्वानी,अमृत विचार। सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल में नई एमआरआई मशीन लगाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारी भरकम मशीन को अंदर ले जाने और इंस्टालेशन कार्य को पूरा करने में लगभग एक माह का समय लगेगा। 15 मार्च तक कार्य पूरा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि एसटीएच में लगी पुरानी एमआरआई मशीन बार-बार खराब हो रही थी। जिस कारण मरीजों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ समय पहले कॉलेज प्रशासन ने टेंडर के माध्यम से पुरानी मशीन को नीलाम कर दिया। अब उसकी जगह नई एमआरआई मशीन लगाने का काम तेजी से चल रहा है। कंपनी के कर्मचारी दिन-रात काम में जुटे हुए हैं। इधर, बीते गुरुवार को नई एमआरआई मशीन एसटीएच पहुंच गई। जिसका शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने भी निरीक्षण किया।
अब मशीन को एमआरआई कक्ष तक ले जाने की कार्रवाई चल रही है। इसके लिए शनिवार को पर्चा काउंटर के पास लगे शीशों को खोल दिया गया है। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि एमआरआई सुविधा को जल्द से जल्द शुरू कराने के प्रयास किये जा रहे हैं। मार्च माह में सुविधा पहले की तरह सुचारू कर दी जायेगी।
