रुद्रपुर: नशेड़ियों ने शादी समारोह में घुसकर की लाखों की चोरी
आठ फरवरी को दूल्हे के पिता के हाथ से उड़ाया था बैग
दो नशेड़ी गिरफ्तार, चोरी का माल हुआ बरामद
रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत दिनों वैवाहिक समारोह में घुसकर दूल्हे के पिता का जेवरात से भरा बैग चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है । पुलिस के अनुसार शादी समारोह में लाखों की चोरी को नशेड़ियों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
सोमवार को खुलासा करते हुए एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि आठ फरवरी को मल्ला खोल्टा, सुनारी नौला अल्मोड़ा निवासी दिनेश चंद्र अपने बेटे दीपक पंत की बारात लेकर रुद्रपुर स्थित रविंद्र नगर स्थित मैरिज हॉल आए थे। जैसे ही बारात मुख्य गेट पर पहुंची और फीता काटने की रस्म चल रही थी कि अचानक भीड़ भाड़ के बीच दूल्हे के पिता दिनेश के हाथ से बैग चोरी हो गया।
जिस में 19000 की नगदी, सोने का आठ आने का नथ, चार आने का मांग टीका, सवा तोले का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, पैरों के एक जोड़ी चांदी के बिछवे रखे हुए थे। तहरीर आने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेजों को खंगालना शुरू कर दिया। 12 फरवरी की शाम को खबर मिली कि कुछ संदिग्ध युवक किच्छा बाइपास मार्ग पर घूमते हुए देखे गए है। सूचना मिलते ही थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी सुदरम शर्मा और आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोहरा ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की पंकज पाल उर्फ भोला निवासी खेड़ा बस्ती, शाहबाज उर्फ चाइनीज निवासी लालपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की उम्र 19 साल के करीब है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बैग भी बरामद किया। जिसमें चुराए गए आभूषण व कुछ नगदी बरामद की। पूछताछ में पता चला कि दोनों ही आरोपी नशे के लती हैं और नशे की पूर्ति के लिए नशेड़ियों के साथ मिलकर वैवाहिक समारोह से चोरी करते हैं। आठ फरवरी को भी दोनों नशे की हालत में शादी समारोह में घुसे और दूल्हे के पि ता के हाथ में रखा बैग देकर वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तालाश में जुट गई है।
