लखनऊ में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार बोलेरो पालीटेक्निक पुल से नीचे गिरी, तीन की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ में भीषण सड़क हादसा हो गया है। जहां तेज रफ्तार बोलेरो रेलिंग तोड़ते हुए पॉलिटेक्निक फ्लाईओवर से 30 फीट नीचे गिर गई। इस दौरान हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सभी बोलेरो सवार अयोध्या से शादी समारोह से लौट रहे थे। 

गाड़ी में चार लोग थे सवार
जानकारी के अनुसार बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकरा के नीचे गिर गई। गाड़ी में सवार चार लोग उसी में दब गए। राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी को सीधा किया। इसके बाद रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर सभी को बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है। पुलिस मृतकों व घायल के परिवारजन से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इसमें गाड़ी का चालक बुरी तरह से फंस गया था।

दरवाजा तोड़ निकाले गए शव
वहीं, DCP उत्तरी का कहना है कि रात एक बजे एक बोलेरो बेकाबू होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बोलेरो का दरवाजा तोड़कर चारों युवकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया।

DCP ने बताया कि जहां एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन युवकों की हालत गंभीर होता देख डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां दो अन्य युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रांशु शुक्ला, अमित कुमार और राजकुमार के रूप में हुई है। जबकि घायल की पहचान हर्ष शुक्ला के रूप में हुई। सभी लोग लखनऊ के रहने वाले है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त गाड़ी की स्पीड काफी ज्यादा थी। जिसे ड्राइवर से कंट्रोल ना होने की वजह से डिवाइडर पर चढ़ी। जिसके बाद ये हादसा हुआ है।

वहीं, सीएम योगी ने हादसे में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों को समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें- बुलंदशहर में ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत, एक घायल

संबंधित समाचार