देहरादून: बद्री-केदारनाथ के लिए 9000 यात्रियों ने कराया पंजीकरण, जीएमवीएन को मिली 4 करोड़ की बुकिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने यात्रियों की सुविधा के लिए सभी विभागों को समय से अपना होमवर्क तैयार करने के निर्देश देने के साथ कहा कि क्लाइमेटेशन और कैरिंग कैपेसिटी का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और बीआरओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम रूट की सभी सड़कों को समय से दुरुस्त कर लें।  

 कैबिनेट मंत्री महाराज ने बताया कि इस बार चारधाम यात्रा की शुरुआत 22 अप्रैल से होगी। इस बार चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के लिए 4 तरह से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है जिसमें ऑनलाइन पंजीकरण, एप, ऑन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से पंजीकरण करवाया जा सकता है। कहा कि, पर्यटन विभाग का पोर्टल सुबह सात बजे से खुला रहेगा। गत वर्ष की भांति इस बार भी चारधाम यात्रा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

जीएमवीएन के गेस्ट हॉउसों में पिछले 4 दिनों में ढाई करोड़ की बुकिंग की जा चुकी है। मंगलवार से प्रारंभ हुए पंजीकरण के तहत अब तक बद्रीनाथ एवं केदारनाथ के लिए 9 हजार यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। धामों में कतार प्रबंधन हेतु स्लॉट टोकन व्यवस्था की शुरुआत की गई है।

यात्रियों के पंजीकरण तथा यात्रा संबंधित जानकारी हेतु कंट्रोल रूम की स्थापना के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि सड़कों की निगरानी के लिए लोक निर्माण विभाग को एप बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर अधिकांश मार्ग अवरुद्ध होते हैं ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण कर जेसीबी, पोकलैंड मशीन, रिकवरी वैन, बुलडोजर की व्यवस्था के साथ-साथ सुपरवाइजर और चालकों के मोबाइल नंबर की उपलब्धता के भी निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार