रुद्रपुर: आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने सुपरवाइजर पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टीएचआर के चेक बुक और बैंक की पासबुक अपने कब्जे में रखने का आरोप

सुपरवाइजर ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री के आरोपों को बताया गलत

रुद्रपुर, अमृत विचार। विवेक नगर रुद्रपुर (शहर) की आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने बाल विकास परियोजना कार्यालय की सुपरवाइजर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं सुपरवाइजर ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री के आरोपों को गलत बताया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह को लिखे पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकत्री केंद्र संख्या 2 और 3 की निरुपमा ने सुपरवाइजर सुधा शर्मा पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि टीएचआर की धनराशि माता समिति के खाते में सात फरवरी को आ गयी है।

जिस समूह से सामान उधार लिया था, जब समूह कर्मी चेक लेने आये तो माता समिति की सचिव दीपा राय ने सुपरवाइजर के कहने पर समूह कर्मी को चेक देने से इनकार कर दिया, जबकि चेक बुक और पास बुक को सुपरवाइजर ने अपने कब्जे में ले लिया है। बावजूद उन्हें विकास भवन के चक्कर लगाये जा रहे हैं।

वहीं सुपरवाइजर का कहना कि विभाग से अप्रैल, मई और जून का टीएचआर का करीब डेढ़ लाख रुपया आया था। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने इसका लाभ कितने लाभार्थियों को दिया। इसका वह रजिस्टर और बिल बाउचर मांग रही हैं। ताकि पता चल सके कि कितने लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है। लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकत्री न तो रजिस्टर दिखा रही है और न ही बिल बाउचर। उन्हें जिस काम के लिए रखा गया है वह उसे नहीं पूरा कर रही हैं। अगर आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने कोई शिकायत की है तो वह गलत है।  

 

संबंधित समाचार